जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून की बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को राज्य के कई इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट तो आई, लेकिन साथ ही बाढ़ का संकट भी गहराने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने नए वेदर सिस्टम और सक्रिय ट्रफ लाइन के चलते आगामी तीन-चार दिनों तक राज्यभर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
सहारनपुर में सबसे ज्यादा बारिश
सोमवार को सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत समेत कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। सहारनपुर में सर्वाधिक 140 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं, गोरखपुर में 75.2 मिमी और बलिया में 73.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
क्या बोले मौसम विभाग?
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र (अमौसी) के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने वेदर सिस्टम और ट्रफ लाइन की सक्रियता के चलते प्रदेश में बारिश का प्रभाव और बढ़ेगा। खाड़ी से आने वाली पूर्वा हवाएं बड़ी मात्रा में नमी लेकर आ रही हैं, जिससे पूर्वी से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
यहां भारी बारिश की चेतावनी जारी
पूरब के जिले: गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर
पश्चिम और तराई क्षेत्र: गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, बिजनौर और आसपास के क्षेत्र
बाढ़ का संकट, यूपी के 37 जिले प्रभावित
लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी इलाकों से आ रहे पानी के कारण उत्तर प्रदेश के 37 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि प्रदेश की 95 तहसीलें और 1,929 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन इलाकों में कुल 6,95,362 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं, जिनके लिए सरकार ने व्यापक राहत कार्य शुरू कर दिए हैं।
84777 मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है
574 मकानों को नुकसान, जिनमें से 472 को सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है
65202 हेक्टेयर फसल क्षेत्र बाढ़ से प्रभावित
2622 नावों और मोटरबोटों के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है
बाढ़ से प्रभावित प्रमुख जिले
अयोध्या, बहराइच, बाराबंकी, बस्ती, कासगंज, हरदोई, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर, भदोही, श्रावस्ती, उन्नाव, फर्रुखाबाद, मेरठ, हापुड़, गोरखपुर, गोंडा, बिजनौर, बदायूं, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाजीपुर, मीरजापुर, संतकबीर नगर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इन जिलों में अधिकारियों और मंत्रियों की निगरानी में राहत कार्य लगातार चल रहे हैं। बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, पीने का पानी, मेडिकल सहायता और अस्थायी आश्रय मुहैया कराया जा रहा है।

