- श्रमायुक्त ने किया कस्बा गढ़ीपुख्ता में बंदी का निरीक्षण
जनवाणी ब्यूरो |
गढ़ीपुख्ता: सहायक श्रमायुक्त ने बुधवार को कस्बा गढ़ीपुख्ता पहुंचकर साप्ताहिक बंदी का निरीक्षण किया। पूरा बाजार बंद रहा लेकिन एक स्थान पर दुकान खुली मिलने पर चालान काटा गया। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक बंदी का कडाई से पालन कराया जाएगा और दुकान खोलने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के कस्बों में अलग-अलग दिन साप्ताहिक बंदी का दिन घोषित किया गया है। कस्बा गढ़ीपुख्ता में बुधवार का दिन साप्ताहिक बंदी के लिए घोषित किया गया है जिसको लेकर व्यापारियों के दो गुट आपस में बंट गए हैं।
एक गुट बुधवार की साप्ताहिक बंदी का विरोध कर रहा है तो दूसरा गुट इसका समर्थन कर रहा है। पिछले सप्ताह भी बंदी को लेकर दोनों गुटों के व्यापारी आमने-सामने आ गए थे जिनमें जमकर कहासुनी हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह मामला संभाला था।
मंगलवार को सहायक श्रमायुक्त संतोष कुमार ने गढ़ीपुख्ता के बाजारों का निरीक्षण किया था, इस दौरान व्यापारियों ने बंदी का कडाई से पालन कराए जाने की मांग की थी। बुधवार को फिर से श्रमायुक्त गढ़ीपुख्ता कस्बे मे पहुंचे। उन्होंने पूरे बाजार में घूमकर निरीक्षण किया।
जहां उन्हें पूरा बाजार बंद मिला लेकिन एक दुकान खुली मिलने पर श्रमायुक्त ने उसका चालान काटने के निर्देश दिए। श्रमायुक्त संतोष कुमार का कहना है कि साप्ताहिक बंदी का कडाई से पालन कराया जाएगा और उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा।

