- शहर और देहात में डीएम दीपक मीणा ने जारी किए आदेश, 15 अप्रैल से शुरू हुआ अभियान
जनवाणी संवाददाता |
मवाना: प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यानाथ योगी के निर्देश पर गरीबों को महीने में दो बार दिये जाने वाले वाले राशन का फायदा ले रहे अपात्र राशन लाभार्थियों पर सरकार के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। अपात्र परिवारों द्वारा तथ्य छिपाकर पात्र गृहस्थी योजना का अनुचित लाभ लिये जाने वाले राशनकार्ड धारकों से दुगनी कीमत वसूल कर राशन कार्ड निरस्त किये जाएंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने उन लाभार्थियों को चेतावनी देते हुए राशन कार्ड को तहसील कार्यालय, जिला पूर्ति कार्यालय में सरेंडर करने के निर्देश जारी किए हैं। कहा कि जांच में अपात्र राशन कार्ड धारक परिवार राशन प्राप्त कर रहा है। उन पर शिकंजा कसते हुए फ्री राशन लेने वालो से खाद्य सामग्री की दोगुनी कीमत वसूली जाएगी। एसडीएम अमित गुप्ता ने बताया कि फ्री राशन लेने वाले अपात्र राशन लाभार्थियों से खाध्य सामग्री गेहूं, चावल की दोगुनी कीमत वसूली की जाएगी।
जिसका परिवार स्वयं जिम्मेदार होगा। पात्र गृहस्थी के लिए निर्धारित क्राइटेरिया भी जारी कर दिया है। कहा कि आयकर दाता एवं ऐसे परिवार जिसके किसी भी सदस्य के स्वामित्व मे चौपहिया वाहन या ट्रैक्टर, हारवेस्टर एवं एसी, पांच केबीए या उसके अधिक क्षमता का जनरेटर रखने वाले लाभार्थी को अपात्र केटैगिरी में रखा गया है। इसके अलावा नगरीय क्षेत्रों में निवास करने वाले ऐसे परिवार जिसके पास 100 वर्ग मीटर से अधिक का स्वअर्जित आवासीय प्लाट या उस पर स्वनिर्मित मकान एवं 100 मीटर से अधिक कार्पेट एरिया का आवासीय फ्लैट हों उनको फ्री राशन का लाभ नहीं मिलेगा।
साथ ही साथ परिवार के सदस्य के स्वामित्व के साथ 80 वर्ग मीटर या उससे अधिक कार्पेट ऐरिया का व्यावसायिक स्थान हो ऐसे परिवार जिसके समस्त सदस्य की आय तीन लाख प्रतिवर्ष के अधिक होने पर अपात्र राशन लाभार्थियों के आदेश जारी किए हैं। इसी क्रम में परिवार में जिनके सदस्यों के पास एक शस्त्र लाइसेंस रखने वालों को अपात्र घोषित किया गया है। यूपी सरकार ने गाइडलाइन जारी करते हुए गरीबों को ही राशन का लाभ मिले।
आदेश जारी होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए अपात्र राशन लाभार्थियों को राशन कार्ड सरेंडर करने के आदेश दिए हैं। चेतावनी दी है कि यदि किसी भी प्रकार से अपात्रों द्वारा फ्री राशन लेते पकडे जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।। इसके लिए एसडीएम अमित गुप्ता ने अपात्र राशन लाभार्थियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर चार टीम का गठन कर दिया है।
राशन की दुकान से खाद्यान्न गटक अपात्रों से होगी वसूली
फलावदा: खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन कार्ड बनवा दो गरीबों का खाद्यान्न घटक रहे अपात्र कार्ड धारकों के खिलाफ कार्रवाई होने जा रही है। उनसे खाद्यान्न की कीमत वसूली जाएगी। फिलहाल उन्हें राशन कार्ड सरेंडर करने का मौका दिया गया है। आपूर्ति निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि मंडल आयुक्त सुरेंद्र सिंह द्वारा संपन्न परिवारों द्वारा राशन कार्ड बनवा कर गरीबों का खाद्यान्न प्राप्त करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि सरकारी राशन की दुकानों से बड़े-बड़े व्यापारी उद्योगपति तथा सरकारी कर्मचारी तथा जमीदारों के अलावा कुछ माननीय भी राशन कार्ड बनवा कर मुफ्त खाद्यान्न नियमित रूप से प्राप्त कर रहे हैं।
इस शिकायत पर मंडलायुक्त ने खंड विकास अधिकारी तथा निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया है। आपूर्ति इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि अपात्र धारकों द्वारा प्राप्त किए गए राशन का आंकलन करके उनसे 24 रुपये किलो गेहूं तथा 32 रुपये किलो चावल की कीमत वसूली जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल अपात्र कार्ड धारकों को अपने राशन कार्ड आपूर्ति कार्यालय में सिलेंडर किए जाने की मोहलत दी गई है। कार्ड सरेंडर करने वाले अपात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
खाद्यान्न वितरित न होने पर उपभोक्ताओं ने किया प्रदर्शन
फलावदा: कस्बे में राशन वितरण में विलंब होने से उत्तेजित उपभोक्ताओं ने स्थानीय नगर पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए राशन वितरण कराए जाने की मांग की। क्षेत्रीय विधायक अतुल ने भीड़ को समझा-बुझाकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। कस्बे में सपा नेता मोहित तोमर की अगवाई में एकत्र सैकड़ों कार्ड धारकों ने राशन वितरण में अनियमितता दूर कराने की मांग को लेकर नगर पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्ड धारकों द्वारा नियमित रूप से दुकानें खुलवा कर राशन वितरण सुचारू कराने की मांग की गई।
पात्र गृहस्थी महिलाओं का कहना था कि एक दुकानदार उनसे चार महीने से अंगूठा लगवा रहा है, लेकिन राशन नहीं दिया जा रहा है। महिलाओं ने आपूर्ति विभाग द्वारा डिलीट किए गए राशन कार्ड अति शीघ्र बनवाये जाने की मांग भी उठाई। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय विधायक अतुल प्रधान ने भीड़ की समस्या सुनकर शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। राशन कार्ड से वंचित लोगों के आवेदन तत्काल नगर पंचायत में जमा कराये गए। तब जाकर भीड़ शांत होकर वापस लौटी।

