- परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिस पर पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया
जनवाणी संवाददाता |
दौराला: क्षेत्र के भराला गांव निवासी आकाश (22) ने बीती बृहस्पतिवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। भराला निवासी राकेश के दो पुत्र आकाश व अमन है। बेटा आकाश पिता राकेश के साथ ही काम करता था। आकाश की लगभग छह माह पहले ही शादी हुई थी। बृहस्पतिवार देर रात खाना खाने के बाद आकाश दूसरी मंजिल पर कमरे में सोने चला गया। जबकि, अन्य परिजन नीचे के हिस्से में ही सो गए। रात में आकाश ने पत्नी को वीडियो कॉलिंग की और बात करने लगा। आकाश ने पत्नी से कहा कि वह फांसी लगा रहा है और फोन काट दिया। इस पर महिला ने देवर अमन को फोन कर बात बताई।
अमन दौड़कर आकाश के कमरे में पहुंचा तो वह फंदे पर लटका हुआ मिला। अमन ने मामले की जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने शव को नीचे उतारा। शुक्रवार को आकाश की पत्नी थाने पहुंची और मामले की जानकारी पुलिस को दी। महिला के साथ पुलिस गांव पहुंची और घटना की जानकारी ली। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिस पर पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आया, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम व कार्रवाई से इंकार कर दिया।
किसान के इकलौते बेटे ने लगाई फांसी
फलावदा: थाना क्षेत्र के एक गांव में गृह क्लेश से आहत किसान के इकलौते बेटे ने ट्यूबवेल पर जाकर फांसी लगा ली। पेड़ से शव लटका देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। क्षेत्र के गांव पिलौना निवासी किसान कृष्ण मोहन का 30 वर्षीय बेटा सिद्धार्थ गुरुवार की रात से लापता था। शुक्रवार सुबह गांव के जंगल में स्थित एक ट्यूबवेल के पास पेड़ पर उसकी लाश लटकी हुई मिली। डायल 112 के माध्यम से जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पेड़ से उतार लिया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी दिनेश पाल सिंह ने बताया कि सिद्धार्थ पिता का इकलौता पुत्र था। करीब तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी। उसके एक डेढ़ वर्षीय बेटी है। बताया गया है कि गत शाम घर पर उसकी पत्नी से किसी बात पर विवाद हो गया था। गृह क्लेश से आहत सिद्धार्थ ने खेत पर जाकर संजीव के नलकूप से बिजली का केबल तोड़ लिया तथा उसका फंदा बनाकर वह पेड़ पर फांसी पर लटक गया। घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब शुक्रवार सुबह लोग खेत पर पहुंचे। किसी ने पेड़ पर शव लटके होने की सूचना पुलिस को दी। यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
घर के पास मिली दो साल से लापता अधेड़ की लाश
मेरठ: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में दो साल पहले लापता हुए एक अधेड़ की लाश शुक्रवार सुबह उसके घर के पास बरामद हुई। अनुमान लगाया जा रहा है कि बीमारी के कारण अधेड़ की मौत हुई है। परिजनों द्वारा कार्रवाई से इनकार करने पर पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। ऊंचा सद्दीक नगर निवासी 55 वर्षीय नफीस पुत्र जहीरूद्दीन लगभग दो साल पहले अचानक घर से लापता हो गया था। जिसके बाद परिवार के लोगों ने लिसाड़ी गेट थाने में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी।
दो साल तक नफीस की कोई खबर न मिलने पर परिजन उसके वापस लौटने की आस छोड़ चुके थे। शुक्रवार सुबह क्षेत्रवासियों ने नफीस के घर से कुछ दूरी पर उसकी लाश पड़ी देखी तो सनसनी फैल गई। जानकारी पर परिजन शव को उठाकर घर में ले गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के सामने परिजनों ने किसी कार्रवाई से इनकार कर दिया। अनुमान लगाया जा रहा है कि शायद बीमारी के कारण अधेड़ की मौत हुई है। पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

