- मेरठ दक्षिण: इस बार 30-39 बरस के 1.39 लाख मतदाता करेंगे हार-जीत का फैसला
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: विधानसभा चुनाव में इस बार मेरठ दक्षिण सीट पर जवान मतदाताओं के हाथ प्रत्याशियों के भाग्य की बागडोर है। इस सीट पर जिसके पक्ष में 30 से 39 साल के वोटर का झुकाव रहेगा, उसकी ही यहां जय-जयकार होगी। नई मतदाता सूची में इस आयुवर्ग के वोटरों की तादाद 1.39 लाख है, जो दक्षिण सीट पर हार-जीत का फैसला करेंगे। जिले की सात विधानसभा सीटों में जवान मतदाताओं की सर्वाधिक संख्या मेरठ दक्षिण सीट पर है।
इस सीट पर 30-39 साल के वोटर अन्य सभी आयुवर्ग के मतदाताओं पर भारी हैं। जवान वोटर यहां अकेले दम पर प्रत्याशियों की हार-जीत का आंकड़ा रखते हैं। इसके आयुवर्ग के बाद 40-49 बरस के मतदाता हैं, जिसनकी संख्या भी एक लाख से अधिक है, मगर वह जवान वोटरों की तुलना में करीब 36 हजार कम हैं। नौजवान मतदाता यहां 91 हजार से अधिक हैं, जो 20 से 29 आयुवर्ग से हैं।
100+ वर्ष के 93 वोटर
मेरठ दक्षिण सीट पर 93 वोटर ऐसे हैं, जिनकी उम्र 100 बरस से अधिक है। वहीं, 90 से 99 आयुवर्ग वालों की संख्या 799 है। विधानसभा सीट के आयुवर्ग के आंकड़ों में 100 से अधिक उम्र वाले मतदाताओं की सबसे अधिक संख्या कैंट सीट पर 126 है। सरधना 125 के साथ दूसरे और किठौर 109 के साथ तीसरे नंबर पर है।
4905 डालेंगे पहली बार वोट
इस सीट के कुल मतदाता 4 लाख 74 हजार 512 हैं। इनमें 18-19 आयुवर्ग के 4905 वोटर हैं, जो पहली बार इस चुनाव में अपना वोट डालेंगे।
आयुवर्ग मतदाता
18-19 4905
20-29 91,169
30-39 1,38,382
40-49 1,03,230
50-59 72,668
60-69 40,310
70-79 18,106
80-89 4850
90-99 799
100+ 93
कुल 4,74,512

