- घायल युवक को परिजनों ने आनन-फानन में कराया मवाना सीएचसी में भर्ती
- गंभीर हालत के चलते सीएचसी चिकित्सकों ने किया जिला अस्पताल के लिए रेफर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: हस्तिनापुर थानांतर्गत मखदूमपुर मेले में सोमवार की रात 11 बजे के करीब अपने दोस्तों के साथ आइसक्रीम खा रहे एक युवक को अज्ञात युवकों ने गोली मार दी। युवक को घायलावस्था में पहले मवाना प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हस्तिनापुर के अलीपुर मोरना निवासी कुशेन्द्र पुत्र सुभाष अपने दोस्तों के साथ कार्तिक का मेला देखने गया था। बताया जाता है कि रात 11 बजे के करीब जब वह दोस्तों के साथ आइस्क्रीम खा रहा था। तभी बदमाश आए और उसके पेट में गोली मारकर भाग गए। गोली लगते ही कुशेन्द्र अचेत होकर नीचे गिर पड़ा।

तभी उसके दोस्त आनन-फानन में उसे उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मवाना लेकर आये। जहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कुशेन्द्र को लेकर आए उसके दोस्तों राहुल, पिंटू और जोगेन्द्र ने बताया कि रंजिश के तहत गोली मारी गई है।
शादी में छेड़खानी का विरोध करने पर फायरिंग
मेरठ: लिसाड़ीगेट थानांतर्गत तारापुरी की जाटवगेट वाली गली में फरहीन पुत्र इस्लाम की बहन अक्शा की कल बरात आनी है। घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाला युवक आया और छेड़खानी करने लगा। फरहीन ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले शाहरुख और शमीम ने घर में घुसकर महिलाओं के साथ छेड़खानी कर दी थी। इसका विरोध करने पर तीन राउंड फायरिंग की गई और तमंचे की बट मार कर घायल कर दिया। बाद में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
मेरठ कालेज में गैर समुदाय के छात्रों को पीटा
मेरठ: वेस्ट यूपी के सबसे बड़े कालेज मेरठ कालेज में एडमिशन के लिये आये दूसरे समुदाय के तीन छात्रों को कालेज के गेट पर छात्रों ने नाम पूछने के बाद उनकी जमकर पिटाई कर दी। लालकुर्ती थानांतर्गत मैदा मोहल्ला निवासी कैफ पुत्र जमील, समीर और प्रिंस सोमवार की दोपहर मेरठ कालेज गए थे। बताया जा रहा है कि कैफ को एडमिशन लेना था। कैफ टोपी और कुर्ता पायजामा पहने कालेज में आया था।
जैसे ही तीनों दोस्त कालेज के गेट पर पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ छात्रों ने उनको रोक कर नाम पूछा। जैसे ही छात्रों ने अपना नाम बताया तो आरोप है कि कालेज के छात्रों ने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। जब छात्रों ने विरोध किया तो कहा कि दूसरे समुदाय के छात्रों को प्रवेश नहीं लेने देंगे। इतना कहते ही तीनों छात्रों की जमकर पिटाई कर दी।
कालेज के कुछ छात्रों ने मारपीट कर रहे छात्रों का विरोध करते हुए कहा कि मारपीट करने का क्या मतलब है लेकिन हमलावर छात्र रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। बाद में पीड़ित छात्रों ने अपने परिजनों को बुला लिया। बाद में मेरठ कालेज के प्राचार्य से इस बारे में शिकायत की गई। पीड़ित छात्रों ने लालकुर्ती थाने में तहरीर दी है।

