- नामांकन प्रक्रिया के लिए चार जगह की गई व्यवस्था
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन कलक्ट्रेट में जिला पंचायत सदस्य के 33 वार्डों के लिये 297 नामांकन पत्र जमा हुए। इसके अलावा ब्लॉक कार्यालयों में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिये संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन किया। कलक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया के लिये चार जगहों पर व्यवस्था की गई थी। इस दौरान काफी संख्या में पुलिब बल तैनाता रहा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मेरठ में तीसरे चरण में 26 अप्रैल को चुनाव होने हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन और जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से पूरी तैयारी की जा चुकी है। यहां ग्राम प्रधान के 479 पदों, 33 जिला पंचायत सदस्यों समेत, क्षेत्र पंचायत सदस्यों व ग्राम पंचायत सदस्यों के पद के लिये चुनाव होना है। ब्लॉक कार्यालयों और जिला मुख्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मंगलवार को नामांकन का पहला दिन रहा। जिला पंचायत सदस्य पद के लिये कलक्ट्रेट में चार जगहों पर व्यवस्था की गई है।

इनमें एडीएम वित्त कोर्ट में वार्ड-1, 2, 3, 4, 5 और 27, 28 और 29 के लोगों ने नामांकन किया। एडीएम प्रशासन कोर्ट में वार्ड-23, 24, 25, 26, 30, 31, 32 और वार्ड-33 वाले लोगों ने नामांकन किया। एडीएम न्यायिक कोर्ट में वार्ड-14 से लेकर 22 तक के लोगों ने नामांकन किया। एसडीएम सदर कोर्ट में वार्ड-छह से लेकर 13 तक के लोगों ने नामांकन किया।
डीएम ने किया निरीक्षण
जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन के दौरान डीएम के. बालाजी ने चारों कोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने नामांकन करने वाले प्रत्याशियों और चुनावी प्रक्रिया में लगे अधिकारियों को कोविड नियमों का पालन करने के निर्देश दिये। उन्होंने मास्क लगाने और दो गज की दूरी रखने को कहा। कहा कि ब्लॉकों में प्रत्याशियों की अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। जिसे लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये हैं, चेकिंग के निर्देश दिये गये हैं। चुनावी प्रक्रिया को सही ढंग से निपटाया जाएगा।
पति-पत्नी ने एक साथ कराया नामांकन
नामांकन के पहले दिन कई लोग ऐसे भी थे जो अपनों के साथ नामांकन कराने पहुंचे। कोई अपने पिता के साथ आया तो कोई अपने बेटे के साथ। कोई अपनी पत्नी के साथ आया तो कई अपने पति के साथ। इनमें से दो प्रत्याशि ऐसे भी रहे जो पति पत्नी थे। उन्होंने अलग-अलग वार्ड से नामांकन किया। वार्ड 28 से वर्तमान जिला पंचायत सदस्य जितेन्द्र ने फिर से एक बार वार्ड 27 से नामांकन किया। उनकी पत्नी माधुरी चौधरी ने भी वार्ड 27 से नामांकन कराया। इस बार दोनों ने चुनाव मैदान में उतरने का फैसला लिया और पार्टी भी वही जिससे वह पहले से ही जिला पंचायत सदस्य हैं।
मां का अशीर्वाद लेकर पहुंचे लोग
पंचायत चुनाव नामांकन का पहला दिन और नवरात्र का पहला दिन। पहले नवरात्र पर लोग मां की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लेने के बाद नामांकन करने पहुंचे। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए वार्ड 14 से चुनाव लड़ रहे सम्राट मलिक ने पहले मां का अशीर्वाद लिया और अपनी मां को भी साथ लेकर नामांकन करने पहुंचे। वहीं काफी संख्या में ऐसे लोग रहे जिन्होंने पहले मंदिर में जाकर मां के दर्शन किए और पूजा-अर्चना करने के बाद नामांकन करने पहुंचे। उनका कहना था कि पहला नवरात्र होने से यह दिन नामांकन के लिए शुभ है।
ये रहीं नामांंकन की स्थिति
वार्ड-14
वार्ड-2 1
वार्ड-3 5
वार्ड-4 7
वार्ड-5 8
वार्ड-6 6
वार्ड-7 7
वार्ड-8 13
वार्ड-9 4
वार्ड-10 6
वार्ड-11 13
वार्ड-12 13
वार्ड-13 06
वार्ड-14 04
वार्ड-15 10
वार्ड-16 09
वार्ड-17 10
वार्ड-18 6
वार्ड-19 11
वार्ड-20 9
वार्ड-21 19
वार्ड-22 09
वार्ड-23 07
वार्ड-24 08
वार्ड-25 07
वार्ड-26 09
वार्ड-27 14
वार्ड-28 15
वार्ड-29 05
वार्ड-30 19
वार्ड-31 17
वार्ड-32 10
वार्ड-33 06
नामांकन पत्र जमा कराने के साथ नामांकन पत्रों की भी बढ़ी बिक्री
नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद नामांकन पत्रों की बिक्री अभी भी जारी रही। मंगलवार को जिला पंचायती कार्यालय में नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। जिसमें जिला पंचायत सदस्य पद के लिये 95 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। इसके अलावा ब्लॉक कार्यालयों में भी नामांकन पत्रों की बिक्री जारी रही। त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो चुकी है।
आज छुट्टी रहने के बाद कल भी नामांकन पत्र जमा होंगे। नामांकन पत्र जमा होने के साथ-साथ नामांकन पत्रों की बिक्री भी जारी रही। जिला पंचायती कार्यालय में मंगलवार को 95 लोग नामांकन पत्रों को लेने पहुंचे। बता दें कि नामांकन पत्रों के जमा होने के साथ ही पत्रों की बिक्री की भी संख्या बढ़ी है। मंगलवा को आरक्षित वर्ग के 77 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा इसके अलावा अनारक्षित वर्ग के 23 लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। बता दें कि नामांकन पत्रों की बिक्री नामांकन पत्र जमा कराने के आखिरी दिन यानि 15 अप्रैल को दोपहर 1 बजे तक होगी।
प्रत्याशियों के समर्थकों के मास्क न लगाने पर काटे चालान
जागृति विहार स्थित रजपुरा ब्लॉक में मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन के पहले दिन प्रत्याशियों ने अपने साथ भीड़ को ले जाकर दब-दबाया दिखाया, लेकिन भीड़ को अनियंत्रित होते देख वहां मौजूद मेडिकल पुलिस ने बिना मास्क वाले लोगों के चालान काटने शुरू कर दिए।
पुलिस के चालान काटने पर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों ने वहां हंगामा कर दिया, लेकिन पुलिस की सख्ती को देख प्रत्याशियों की एक नहीं चली। हंगामे के बाद भी पुलिस ने जब बिना मास्क के लोगों के चालान काटने बंद नहीं किए तो भीड़ तितर-बितर हो गई।
295 में से 79 ग्रेजुएट तो पांच हैं पीएचडी
इस बार गांव की पंचायत में पीएचडी और ग्रेजुएट प्रत्याशियों की संख्या अधिक है। गांव में पढ़ी लिखी सरकार बनने वाली है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पहले दिन नामांकन करने वाले अधिकतर वार्डों में लोग ग्रेजुएट, पीएचडी और हाईस्कूल या इंटर पास हैं। 22 लोग अशिक्षित भी हैं जिन्होंने नामांकन किया है। अब चुनाव का इंतजार है कितने लोग जीतकर राजनीति में पहुंच पाते हैं और लोगों को उनसे उम्मीदें भी बहुत हैं कि वह किस तरह से क्षेत्र का विकास करते हैं।
मंगलवार को पहले दिन कुल 295 नामांकन पत्र जमा हुए। सभी को देखा जाए तो इनमें पढ़े लिखे लोगों को संख्या अधिक है। उनमें भी ग्रेजुएट और पीएचडी करने वाले उम्मीदवार भी चुनाव में भाग ले रहे हैं। 295 नामांकन पत्रों की बात की जाए तो इनमें से 79 उम्मीदवार ग्रेजुएट हैं जिन्होंने बीएससी, बीएस, बीकॉम किया है। इसके अलावा 5 लोग ऐसे हैं जिन्होंने पीएचडी की है। इनमें वार्ड 10 से विजय राठी, वार्ड 13 से मीनाक्षी ने पीएचडी कर रखी है। इसके अलावा तीन और उम्मीदवार ऐसे हैं।
जिन्होंने पीएचडी की है। इसके अलावा वार्ड 8 से संगीता, वार्ड 10 से अश्वनी, वार्ड 12 से इस्राईल, वार्ड 13 से अनस ऐसे में उम्मीदवार हैं जिन्होंने पोस्ट गेजुएशन की है। इन सभी उम्मीदवारों की बात की जाए तो इनमें से 22 ऐसे उम्मीदवार भी हैं जो अशिक्षित हैं। वह भी अपनी किस्मत आजमाने के लिये नामांकन कर मैदान में उतरे हैं। अब देखना यह है कि आखिरी दिन यानि कल गुरुवार को कितने और लोग नामांकन करते हैं जो गांव की राजनीति को संभाल सकते हैं।

