01– कोयला तस्करी केस में बंगाल के कानून मंत्री के घर सीबीआई का छापा। चार अन्य ठिकानों पर भी पहुंची जांच एजेंसी।
पश्चिम बंगाल कोयला तस्करी मामले में सीबीआई की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई की टीम ने ममता सरकार में कानून मंत्री मलय घटक के आवास पर छापा मारा है। साथ ही कोलकाता के चार ठिकानों पर भी सीबीआई के अधिकारी पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि सभी ठिकाने मलय घटक से जुड़े हुए हैं।

02– गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के खिलाफ आयकर विभाग की छापेमारी। टैक्स चोरी के आरोप में की गई कार्रवाई।
आयकर विभाग ने पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के खिलाफ कर चोरी के मामले में कई राज्यों में छापेमारी की है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कई राजनीतिक दलों पर संदिग्ध फंडिंग जुटाने के बाद कर चोरी करने का भी आरोप है।

03– दिल्ली में इस दिवाली पर भी बैन रहेंगे पटाखे। आम आदमी पार्टी की सरकार ने फिर लगाया प्रतिबंध।
दिल्ली में इस बार भी दिवाली बिना पटाखों वाली रहेगी। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में एक जनवरी तक सभी तरह के पटाखों के उत्पादन, बिक्री और इस्तेमाल पर रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतिबंध पटाखों की ऑनलाइन बिक्री पर भी लागू है।

04– बीएसएफ ने नाकाम की पाकिस्तान की बड़ी साजिश। 38 करोड़ की पकड़ी हेरोइन, कारतूसों का जखीरा मिला।
बीएसएफ की 66 बटालियन के जवानों ने पंजाब के गांव मुहर जमशेर में 38 करोड़ रुपये की 6 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, 190 ग्राम अफीम और बड़ी तादाद में कारतूस पकड़े हैं। रात में ही बीएसएफ के जवानों ने तस्करों पर फायिंग की। मगर वह भागने में कामयाब हो गए।

05– पटना में दो दोस्तों की गोली मारकर हत्या। सीवान में कॉन्स्टेबल पर फायरिंग, हुई मौत।
बिहार में आए दिन अपराधियों का हौसला बुलंद होता जा रहा है। सीवान में जहां बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर एक कॉन्स्टेबल की हत्या कर दी। साथ ही पटना में भी दो दोस्तों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ट्रिपल मर्डर के बाद से बिहार में दहशत का माहौल है।

06– भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बोले, अपने गठबंधन की चिंता करें अखिलेश, उनके कई विधायक हमारे संपर्क में।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह अपने गठबंधन की चिंता करें। उनके कई विधायक हमारे संपर्क में हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य भाजपा की विचारधारा के लिए समर्पित कार्यकर्ता हैं।

07– यूपी के 62 जिलों में औसत से कम हुई बारिश। मुख्यमंत्री योगी ने जिलाधिकारियों से मांगी रिपोर्ट।
यूपी के 62 जिलों में औसत से कम बारिश हुई है। सही आंकलन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी जिलों के जिलाधिकारियों को सर्वे करने का निर्देश दिया है। 75 जिलों में 75 टीमें इसके लिए काम करेंगी और जिलाधिकारियों को एक सप्ताह में रिपोर्ट देनी होगी।

08– दिल्ली में राजपथ का नाम बदल कर कर्तव्य पथ करने पर लगी मुहर। एनडीएमसी की बैठक में प्रस्ताव हुआ पारित।
दिल्ली में राजपथ का नाम कर्तव्य पथ करने के प्रस्ताव को नई दिल्ली नगर पालिका परिषद एनडीएमसी की अनुमति मिल गई है। एनडीएमसी की विशेष बैठक में राजपथ का नाम बदलने के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई है। अब राजपथ के बोर्ड हटाकर कर्तव्य पथ के बोर्ड लगाए जाएंगे।

09– पूर्व आईएएस की पत्नी के खिलाफ हो सकती है चार्जशीट दाखिल। कई बार नोटिस भेजने पर भी नहीं हुईं हाजिर।
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपी पूर्व आईएएस रामविलास यादव की पत्नी को भगोड़ा घोषित किया जा सकता है। विजिलेंस के सूत्रों के मुताबिक जल्द ही उनकी पत्नी के खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल की जा सकती है।

10– बदन सिंह बद्दो के करीबी बिपिन सूरी के फ्लैट पर चस्पा हुआ नोटिस। ब्रह्मपुरी पुलिस सूरी के फ्लैट को किया सीज।
मोस्ट वांटेड बदन सिंह बद्दो के साथी ट्रांसपोर्टर बिपिन सूरी का 80 लाख की फ्लैट को पुलिस ने बुधवार को जब्त कर लिया। गैंगस्टर के तहत कार्रवाई करने के लिए मंगलवार रात से ही पुलिस टीम सुपरटेक में लगा दी गई थी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह फ्लैट बंद पड़ा है।

11– मेरठ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, स्मैक बेचने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार। 16 लाख रुपए और ज्वेलरी किए बरामद।
मेरठ पुलिस को बुधवार को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने ब्रह्मपुरी क्षेत्र से स्मैक बेचने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने भारी मात्रा में स्मैक बरामद की है, जिसकी कीमत 50 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 16 लाख रुपये व जेवरात भी बरामद हुए हैं।

12– पटाखा फैक्टरी के गोदाम में लगी भीषण आग, महिलाओं समेत 30 मजदूरों ने भागकर बचाई जान।
बिजनौर में आज सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां नहटौर-मुकर्रमपुर मार्ग पर गांव मुकर्रमपुर के पास एक पटाखा फैक्टरी के गोदाम में आग लग गई। इस दौरान फैक्टरी से मजदूरों ने जैसे-तैसे भागकर जान बचाई। पटाखा फैक्टरी में तकरीबन 30 मजदूर आतिशबाजी का सामान बनाते हैं।

13– बागपत में हुए दो सड़क हादसों में मां-बेटे समेत तीन की मौत। हादसों में आठ लोग हुए घायल।
बागपत में आज सुबह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे व ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में मां-बेटे समेत तीन की मौत हो गई, जबकि आठ घायल हो गए। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

14– अब तीन घंटे में दिल्ली से सहारनपुर पहुंचाएगी एक्सप्रेस ट्रेन। 9 सिंतबर से शुरू होगा ट्रेन का संचालन।
उत्तर रेलवे ने दिल्ली जंक्शन से सहारनपुर के बीच एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। मात्र तीन घंटे में दिल्ली से सहारनपुर का सफर वाया मेरठ होते हुए पूरा होगा। सहारनपुर से दिल्ली के बीच ट्रेन की शुरुआत नौ सितंबर से और दिल्ली से सहारनपुर के बीच ट्रेन की शुरुआत दस सितंबर से होगी।

15– संजय सिंह ने एलजी के लीगल नोटिस की कॉपी प्रेस कॉन्फ्रेंस में फाड़ी। आम आदमी पार्टी के सांसद ने लगाए आरोप।
आम आदमी पार्टी के नेताओं को उपराज्यपाल विनय सक्सेना की ओर से भेजे गए नोटिस का मामला गरमा गया है। बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद संजय सिंह ने एलजी के लीगल नोटिस की कॉपी फाड़ दी। साथ एलजी विनय सक्सेना के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कई बड़े आरोप लगाए हैं।

16– पीएमश्री योजना के तहत हर ब्लॉक में दो स्कूलों को किया जाएगा अपग्रेड। मोदी कैबिनेट ने योजना को दी मंजूरी।
मोदी कैबिनेट ने शिक्षा मंत्रालय की “पीएम श्री” योजना के तहत स्कूलों को अपग्रेड करने को मंजूरी दी है। इस योजना में देशभर के 14,500 स्कूलों का कायाकल्प किया जाएगा।

17– पंजाब सरकार के पास वेतन देने के लिए नहीं हैं पैसे? भगवंत मान अब आरबीआई से लेंगे 1 हजार करोड़ उधार।
पंजाब सरकार के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को इस बार सात तारीख होने के बावजूद वेतन नहीं मिला है। खबर है कि पंजाब की भगवंत मान की सरकार, भारतीय रिजर्व बैंक से 1000 करोड़ रुपये उधार लेगी।

18– कन्याकुमारी से शुरू हुआ कांग्रेस का भारत जोड़ो यात्रा। पांच महीने में 12 राज्यों से होकर गुजरेगी यात्रा।
तमिलनाडु की कन्याकुमारी से आज ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी का सफर 12 राज्यों से गुजरकर 3,570 किलोमीटर लंबी दूरी तय करेगा। यह यात्रा पांच महीनों तक चलेगी। राहुल गांधी इसे एक यात्रा कहते हैं लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे 2024 की तैयारी मानते हैं।

19– केजरीवाल ने लॉन्च किया मेक इंडिया नंबर-1 कैंपेन। पूछा- 75 साल बाद भी भारत पीछे क्यों।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बुधवार को हरियाणा के हिसार पहुंचे। हिसार में मेक इंडिया नंबर वन अभियान की शुरुआत की। केजरीवाल ने सवाल पूछा कि भारत दुनिया का नंबर-वन देश क्यों नहीं बन पाया।

20– नोएडा सेक्टर 18 की बिल्डिंग में लगी भीषण आग। दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंची।
नोएडा सेक्टर 18 की एक बिल्डिंग में बुधवार को भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए मौके पर दमकल की 10 गाड़ियां मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि अब तक 10 लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। राहत बचाव कार्य जारी है।


