जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत ढहने से हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना फायर डिपार्टमेंट को दोपहर करीब 1:30 बजे मिली। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसा मोती बाग स्थित शिव मंदिर के पास सत्य निकेतन इलाके में हुआ है। फायर डिपार्टमेंट को करीब 1:33-1:34 बजे ‘घर ढहने’ की कॉल प्राप्त हुई थी।
बचाव दल मौके पर मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश में जुटा है। अभियान को तेज करने के लिए अतिरिक्त उपकरण भी घटनास्थल पर भेजे गए हैं।
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने और राहत कार्य में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर तैनात हैं। फिलहाल बचाव अभियान जारी है और घटना से जुड़ी अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

