- मंडलायुक्त और डीएम ने केंद्रों पर पहुंचकर लिया अभियान का जायजा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए दूसरे चरण के टीकाकरण अभियान में पूरे जनपद में 72.2 फीसदी को वैक्सीन लगाई गई। वैक्सीनेशन में पहले स्थान पर सामुदायिक केंद्र मवाना रहा। यहां टारगेट से ज्यादा को वैक्सीन लगाई गईं हैं। वैक्सीनेशन अभियान के दौरान मंडलायुक्त अनिता सी मेश्राम व डीएम के. बालाजी कई केंद्रों पर पहुंचे और जायजा लिया। उन्होंने अभियान पर संतोष व्यक्त किया।
सीएमओ डा. अखिलेश मोहन ने वैक्सीनेशन का अपडेट जारी करते हुए बताया कि परीक्षितगढ़ सीएचसी पर 100 का टारगेट तय किया गया था। इनमें 20 पुरुष व 53 महिलाएं कुल 73 को वैक्सीन लगाई गई। सीएचसी का टागरेट 190 का था। यहां 119 पुरुष व 81 महिलाओं समेत कुल 200 को वैक्सीन लगाई।
सरधना सीएचसी पर 200 के सापेक्ष 14 पुरुष व 143 महिलाओं समेत 157 को वैक्सीन दी गई। भावनपुर, रजपुरा सीएचसी पर 400 को टारगेट था। यहां 90 पुरुष व 179 महिलाओं समेत 269 को वैक्सीन लगाई। खरखौदा सीएचसी के टारगेट 408 के सापेक्ष 191 पुरुष व 160 महिलाओं समेत 351 का वैक्सीनेशन।

ब्रह्मपुरी यूएचसी के 200 के सापेक्ष 37 पुरुष व 51 महिलाओं समेत 88 का वैक्सीनेशन। डफरिन पीपीसी 285 के सापेक्ष 152 पुरुष व 64 महिलाओं समेत 216 को वैक्सीनेशन। मेडिकल पीपीसी 700 के टारगेट के सापेक्ष 301 पुरुष व 155 महिलाओं समेत 456 का वैक्सीनेशन।
कैंट यूएचसी पर 182 के सापेक्ष 78 पुरुष व 59 महिलाओं समेत कुल 173 को वैक्सीन। इस्लामाबाद यूपीएचसी 119 के सापेक्ष 27 पुरुष व 37 महिलाओं समेत 64 का वैक्सीनेशन। सुभारती मेडिकल 476 के टारगेट के सापेक्ष 219 पुरुष व 136 महिलाओं समेत 355 का वैक्सीनेशन किया गया।
कुल टारगेट 3260 में से 2366 का वैक्सीनेशन किया गया। वहीं, दूसरी ओर मंडलायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि शत प्रतिशत वैक्सीनेशन का लक्ष्य हासिल किया जाए। जिनको वैक्सीन दी जा रही है वह सभी प्रोटोकॉल व हिदायतों का पालन भी करें।

दूसरे चरण में 155 को लगे कोरोना वैक्सीन के टीके
शुक्रवार को सरधना सीएचसी में कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण का दूसरा चरण शुरू किया गया। दूसरे चरण में कुल 155 लोगों को वैक्सीन का टीका लगाया गया। जिसमें चिकित्सक से लेकर अस्पताल का स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व आशा शामिल रही। इस दौरान सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम रहे।
तहसीलदार ने अस्पताल पहुंच कर व्यवस्था का जायजा लिया। कोरोना महामारी के बीच टीकाकरण अभियान शुरू होने से स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली है। शुक्रवार को वैक्सीन टीकाकरण का दूसरा चरण शुरू किया गया। सरधना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुबह दस बजे से टीकाकरण शुरू कर दिया गया था। टीकाकरण के लिए अस्पताल में दो कैंप लगाए गए। इस दौरान चिकित्सक, सीएचसी स्टाफ, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वैक्सीन का टीका लगाया गया।
अभियान के दौरान सुरक्षा के पूरे इंतजाम रहे। अस्पताल में पुलिस पिकेट भी लगाया गया। तहसीलदार अवनीश कुमार ने भी अस्पताल पहुंच कर व्यवस्था का जायजा लिया। शाम तक अस्पताल में कुल 155 लोगों को वैक्सीन का टीका लगाया गया। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डा. राजेश कुमार का कहना है कि अस्पताल में दो कैंप लगाकर वैक्सीन का टीकाकरण किया गया। आज कुल 155 लोगों को टीके लगाए गए।
मवाना: कोविड-19 के वैक्सीनेशन का दूसरा चरण शुक्रवार को आरंभ हो गया। सीएचसी पर टीकाकरण सुबह 10 बजे सीसीटीवी की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था के मध्य शुरू हुआ। केंद्र पर दो बूथ बनाए गए थे। बूथ नंबर एक पर पहला टीका आशा किरण व दूसरे बूथ पर निजी चिकित्सक डा. पीयूष को निर्धारित प्रक्रिया के तहत लगाया गया। एसीएमओ डा. प्रवीण कुमार ने वैक्सीनेशन का निरीक्षण किया।
सीएचसी पर दूसरे चरण के वैक्सीनेशन के पहले दिन शुक्रवार को सरकारी व गैर सरकारी चिकित्सक व आशा कार्यकत्री समेत 200 स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण किया जाना है। सीएचसी पर टीकाकरण के लिए दो बूथ बनाए गए हैं। सुबह 10 बजे टीकाकरण आरंभ हुआ है। जिसमें बूथ एक पर पहला टीका मीवा मटौरा की आशा किरण तथा बूथ दो पर पहला टीका नगर के निजी चिकित्सक डा. पीयूष को लगाया गया। टीकाकरण प्रथम चरण की भांति निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है।
एसीएमओ डा. प्रवीण गौतम सीएचसी पहुंचे और वैक्सीनेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सीएचसी प्रभारी डा. सतीश भास्कर व नोडल अधिकारी डा. देव सिंह ने बताया कि आज सरकारी, प्राइवेट डाक्टरों के अलावा आशाओं को टीके लगाए जाएंगे। इसी क्रम में वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए बिजली को 24 घंटे सुचारू रखने के लिए वार्ता की।

परीक्षितगढ़: शुक्रवार को कोरोना वैक्सीन का चिकित्सक, एएनएम, आशा, सीएचओ, आंगनबाड़ी आदि 100 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगना था, लेकिन सीएचसी प्रभारी संदीप गौतम सहित 70 स्वास्थ्य कर्मियों को ही टीका लगाया गया। पहला टीका एएनएम सुशीला ने सोनिया, बीपीएम इकरार अहमद, चिकित्सक आरपी सैनी, एलथी थान सिंह, चिकित्सक संजीव कुमार, फार्मेसिस्ट आशीष चौधरी, नरेंद्र, पार्वती अशोक आदि को लगाया गया।
बाद में डीआईओ प्रवीण गौतम, नोडल अधिकारी एसीएमओ जीके मिश्रा, नगर पंचायत अधिशासी नोडल अधिकारी रोहित यादव ने भी सीएचसी पर चल रहे टीकाकरण का निरीक्षण किया। सीएचसी प्रभारी डा. संदीप गौतम ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना वैक्सीन के द्वितीय चरण में 70 स्वास्थ्यकर्मियों को टीकाकरण किया गया। दूसरा टीका नौ फरवरी को लगाया जाएगा।
इस मौके पर बीएमसी राहुल त्यागी, डब्लू एचओ सुशील कुमार, सीएचओ आशा रानी, पूजा, विजय, वर्षो कृष्णा, राजेंद्र, प्रेम सिंह, सनी आदि मौजूद रहे।
भावनपुर: स्वास्थ्य केंद्र पर कोरोना वैक्सीन के द्वितीय चरण का किठौर विधायक सतवीर त्यागी ने फीता काटकर उद्घाटन किया। कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण के बारे मे जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी डा. रोहित वर्मा ने बताया कि कोरोना वैक्सीन के लिए दो सैशन बनाए गए हैं।
कोरोना वैक्सीन के सबसे पहले लाभार्थी गांव सिसौली निवासी आंगनवाड़ी कार्यकत्री कमलेश और दूसरे सैशन मे सबसे पहले कोरोना वैक्सीन का टीका लगवाने वाली लाभार्थी गांव पचपेड़ा निवासी समरजहां ने टीका लगवाया है। जिनसे बातचीत के दौरान समरजहां ने बताया कि वह टीका लगवाने के लिए बाद पूर्ण रूप से स्वास्थ्य है।
नोडल अधिकारी के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर बनाए गए दो सैशन में 100-100 लाभार्थियों को कोरोना वैक्सीन के टीके लगाए जाने हैं। सभी लाभार्थियों को पुलिस एवं सीसीटीवी कैमरे की देखरेख मे टीकाकरण होगा। वहीं, दूसरी ओर एसडीएम सदर देहात ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर कोरोना वैक्सीन टीकाकरण की व्यवस्था के बारे मे जानकारी की।
टीम में ये रहे मौजूद
भावनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोरोना वैक्सीन के द्वितीय चरण में नोडल अधिकारी डा. रोहित वर्मा की देखरेख में डा. रागनी, डा. कृष्णोदय उपाध्याय, एसके शर्मा आदि मौजूद रहे।
वैक्सीनेशन के बाद तबीयत खराब होने का आरोप
सरधना: सीएचसी पर कोरोना वैक्सीनेशन के दौरान शाम करीब 5:00 बजे नवाब गढ़ी निवासी महिला आशा सरधना सीएचसी पहुंचे और कोरोना का वैक्सीनेशन कराया। कुछ देर बाद उसने बताया कि उसकी तबीयत खराब हो रही है। चिकित्सकों ने उसे देखा तो वे स्वस्थ थी।
सीएचसी प्रभारी डा. राजेश कुमार ने बताया कि जब उसको मेरठ रेफर करने के लिए कहा गया तो उसने खुद को स्वस्थ बताया और वह अपने घर चली गई। बताया गया है कि उस आशा और सीएचसी प्रभारी का पूर्व में काफी विवाद चला था और एक-दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए शिकायत भी अधिकारियों से की गई थी।
कोरोना ड्यूटी करने वाले कई नाम वैक्सीनेशन लिस्ट से गायब
कोरोना संक्रमण काल में कोविड-19 वार्ड में ड्यूटी करने वाले मेडिकल के कई कर्मियों का नाम वैक्सीनेशन लिस्ट से गायब है। वहीं, दूसरी ओर कई नाम ऐसे भी शामिल कर लिए गए हैं। जिन्होंने कोविड-19 वार्ड में एक भी दिन जाकर झांककर नहीं देखा। हालांकि मेडिकल प्रशासन का कहना है ऐसे सभी कर्मचारियों जिन्होंने कोविड ड्यूटी की है उनको वैक्सीनेशन जरूर मिलेगा। सूची में बनाने में संभवत कुछ चूक हुई है। सभी को निश्चित रूप से वैक्सीन दी जाएगी।
17 स्थानों पर वैक्सीनेशन
शुक्रवार को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जनपद के 17 स्थानों पर वैक्सीनेशन किया गया। जिनको वैक्सीन दी गई उनको पहले ही सूचित कर दिया गया। जिन स्थानों पर वैक्सीनेशन किया गया। उनमें मेडिकल के पांच स्थानों के अलावा आनंद हॉस्पिटल-2, सुभारती अस्पताल-5, डफरिन-2, जिला अस्पताल-1, एएनएमटीसी-2, एनसीआर अस्पताल-3, कैंट स्वास्थ्य केंद्र-2, जाकिर कालोनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र-2, मवाना स्वास्थ्य केंद्र-1, शास्त्रीनगर स्वास्थ्य केंद्र-1, सरधना स्वास्थ्य केंद्र-2, भावनपुर स्वास्थ्य केंद्र-2, आईआईएमटी हॉस्पिटल-1, रजपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र-1, परीक्षितगढ़ स्वास्थ्य केंद्र-1 व खरखौदा स्वास्थ्य केंद्र-1 शामिल हैं। मेडिकल में 500 हेल्थ केयर वर्करों को वैक्सीनेशन के लिए मैसेज भेजा गया था। यहां पांच स्थानों पर वैक्सीनेशन बूथ बनाए गए थे, लेकिन 316 को वैक्सीनेशन कराया जा सका।

