- पुलिस को खुली चुनौती दें रहे मोबाइल लुटेरे, आए दिन हो रही लूट
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सोतीगंज में चोरी के वाहनों का कटान बंद होने से जहां वाहनों की चोरी में कमी आई है। वहीं, चोर अब मोबाइल लूट की वारदात लगातार बढ़ रही है। शहर में आए दिन हो रही मोबाइल लूट की वारदातों पर अंकुश लगाना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। लुटेरे इतने बेखौफ हो चुके हैं कि जेब से मोबाइल निकालते ही चंद मिनटों में लूटकर फरार हो जाते है। हालांकि पुलिस भी मोबाइल लूट से बचने के लिए पीड़ित से गुम होने की तहरीर लिखवा लेती है।
मोबाइल लुटेरे इस कदर बेखौफ हो चुके है कि वह खाकी को भी नहीं बख्श रहे है। हाल ही में ऐसा ही एक मामला भैंसाली बस अड्डे पर देखने को मिला था। जहां पर बाइक सवार दो लुटेरों ने लालकुर्ती थाने में तैनात एक होमगार्ड से मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। नशे में धुत होमगार्ड ने पहले तो मीडिया और पुलिसकर्मियों को अपने साथी के फोन से सूचना दी कि बदमाशों ने उसका मोबाइल लूट लिया, लेकिन बाद में होमगार्ड अपनी बात से मुकर गया था और सदर थाने में मोबाइल कहीं गिर जाने की तहरीर दी थी।
यही नहीं अधिकांश मोबाइल लुटेरे पॉश कॉलोनियों में घूमते है जो घरों के बाहर टहल रहे लोगों से मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। मेडिकल थाना क्षेत्र में हाल ही में ऐसे कई मामले सामने आ चुके है, जहां लुटेरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम दिए हैं। करीब एक माह पहले पीवीएस मॉल चौकी से चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार लुटेरों ने एक महिला से मोबाइल लूटा था, इसके बाद घर के बाहर टहल रहे एक शिक्षक से भी मोबाइल लूटा गया था।
लगातार हो रही मोबाइल लूट की वारदात के बावजूद पुलिस इन लूटेरों को पकड़ नहीं पा रही है। वहीं, अगर बात वाहन चोरी की करें तो सोतीगंज बाजार बंद होने के बाद वाहन चोरी में काफी कमी आई है। हालांकि अभी भी शहर में इक्का-दुक्का वाहन चोरी की वारदातें हो रही है, लेकिन पहले के मुकाबले वाहन चोरी में काफी कमी आई है।

