- मौजूदा वक्त में पोस्ट आॅफिस आरडी पर 5.8 फीसद सालाना ब्याज दर का मिलता है फायदा
- पोस्ट आॅफिस आरडी में तीन माह की चक्रवृद्धि के हिसाब से होती है ब्याज दर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: अपने भविष्य के खर्चों और वित्तीय जरूरतों को सही से चलाने और मैनेज करने के लिए बचत करना काफी आवश्यक होता है। बचत करने से भविष्य में आकष्मिक जरूरतों को पूरी करने में काफी सहूलियत मिलती है।
आप अपने बचत के पैसों को सही जगह पर निवेश करके आप उस पर कमाई भी कर सकते हैं। बचत के पैसों को निवेश करने के लिए रिकरिंग डिपॉजिट यानी कि आरडी हमेशा से एक सुरक्षित निवेश विकल्प के तौर पर जाना जाता है।

अगर आप आरडी योजना में निवेश करना चाहते हैं तो डाकघर की आरडी योजना आपको केवल 100 रुपये प्रति महीने के हिसाब से निवेश शुरू करने की सुविधा देती है। डाकघर की वेबसाइट के मुताबिक, मौजूदा वक्त में पोस्ट आॅफिस आरडी पर 5.8 फीसद सालाना ब्याज दर का फायदा मिलता है। आरडी से मिलने वाले ब्याज पर टैक्स भी चुकाना होता है। इस स्कीम की सबसे खास बात यह है कि पोस्ट आॅफिस आरडी में ब्याज दर तीन महीने की चक्रवृद्धि के हिसाब से होती है।
कौन खुलवा सकता है अपना खाता?
डाकघर की आरडी योजना में कोई भी व्यक्ति, जिसकी उम्र 18 साल से अधिक है वह अपना अकाउंट खुलवा सकता है। डाकघर की इस योजना में संयुक्त खाता भी खुलवाया जा सकता है। एक अभिभावक की तरफ से नाबालिग का खाता भी खोला जा सकता है। इस योजना में आप जितने चाहे उतने खाते खुलवा सकते हैं।
जमा करने की रकम
डाकघर की आरडी योजना में निवेश करने के लिए मासिक तौर पर आपको अकाउंट में 100 रुपये जमा कराना होगा। यदि आपका खाता महीने के शुरूआती 15 दिनों के अंदर खुला है, तो आपको हर महीने की 15 तारीख तक उसमें रकम जमा करानी होगी। वहीं, अगर आपने अपना खाता महीने के आखिरी के 15 दिनों में खुलवाया है, तो आपको उसमें महीने की आखिरी तारीख से पहले रकम जमा करानी होगी।
ले सकते हैं लोन भी
डाकघर की आरडी स्कीम में आपको लोन लेने की सुविधा का फायदा भी मिलता है। अगर आपने इस स्कीम में अपनी 12 किस्तें जमा कर दी हैं तो आप लोन भी ले सकते हैं। डाकघर की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक अपने खाते में जमा रकम के 50 फीसद हिस्से तक की रकम का लोन लिया जा सकता है।
छात्रों के खाते में 31 मार्च तक आ जाएगी छात्रवृत्ति
आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा की आर्थिक तंगी को दूर करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार स्कॉलरशिप स्कीम चलाती है। इसके तहत स्टूडेंट्स को पढ़ाने करने के लिए आर्थिक मदद दी जाती है। ऐसे में इस साल भी यूपी के लाखों विद्यार्थियों ने स्कॉलरशिप फॉर्म भरा है, लेकिन उन्हें अब छात्रवृत्ति आने का इंतजार है। स्कॉलरशिप विभाग ने स्टूडेंट्स के यूपी छात्रवृत्ति के लिए स्टेटस जारी कर दिया है।
ऐसे में स्टूडेंट्स अपने यूपी स्कॉलरशिप का स्टेटस जरूर चेंक कर ले। यूपी स्कॉलरशिप स्टेटस में अब भी कई स्टूडेंट्स का डिस्टिक वेलफेयर आॅफिसर से वेरिफिकेशन नहीं हो पाया है। मतलब अभी भी डिस्टिक स्कॉलरशिप कमेटी की तरफ से स्टूडेंट्स का यूपी स्कॉलरशिप स्टेटस पेंडिग है। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 10 मार्च तक सभी विद्यार्थियों का स्टेटस वेरिफाई हो गया है। 10 मार्च के बाद सभी विद्यार्थियों का वेरिफाई स्टेटस शो रहा है। समाज कल्याण विभाग के अफसरों का कहना है कि 31 मार्च तक सभी स्टूडेंट्स के बैंक खातों में स्कॉलरशिप की राशि पहुंच जाएगी।
ई-केवाईसी न कराने वाले किसान योजना से रह सकते हैं वंचित
जिले में करीब एक डेढ़ लाख से अधिक किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को भारत सरकार के पोर्टल पर जाकर ई-केवाइसी कराना होगा। 31 मार्च तक ईकेवाइसी नहीं कराने वाले किसानों को किश्त नहीं मिलेगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ लेने वाले किसान का आधार वेरीफाई कराने के उद्देश्य से पीएम किसान.जीओवी.इन पर एक नए लिंक ई-केवाइसी के नाम से खोल दिया है।
भारत सरकार के पोर्टल पर दिए गए लिंक पर जाकर योजना का लाभ प्राप्त कर रहे किसान या नए पंजीकरण करा रहे लाभार्थी को अपना आधार वेरीफाई करना है। वेरीफाई तब होगा जब आपका आधार आपके मोबाइल नम्बर से लिंक होगा। शासन ने इसकी तारीख 31 मार्च की है। उपकृषि निदेशक ने बताया कि जो किसान ई-केवाइसी नहीं कराएंगे उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग गांव गांव गोष्टी के माध्यम से किसानों को जागरूक कर रहा है। कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को ई-केवाईसी कराने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उपकृषि निदेशक ने बताया कि किसान जन सेवा केन्द्र पर पहुंचकर ई-केवाइसी करा सकते हैं।

