- युवतियों को खूब भा रही है आर्टिफिशियल और एंटीक ज्वेलरी
- चेन स्नैचिंग के डर से महिलाएं सोने के आभूषणों को कम पहन रहीं
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: वर्तमान दौर में गोल्ड ज्वेलरी की जगह अब आर्टिफिशियल और एंटीक ज्वेलरी ले रही है। इसका कारण यह ज्वेलरी कम बजट के साथ सोने के गहनों से कम रिस्की है साथ ही विभिन्न डिजाइन में आसानी से उपलब्ध है। इसलिए अब यह महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई है।

पहले महिलाएं जहां सोने के गहनों को अधिक पसंद करती थी। वहीं, आजकल महिलाओं को आर्टिफिशियल ज्वेलरी भा रही है। क्योंकि यह सस्ती कीमत में उपलब्ध होने के साथ साथ मार्केट में अलग-अलग डिजाइन में उपलब्ध है।
सस्ती होती हैं ज्वेलरी
अनुपम गुप्ता ने बताया कि सोने का भाव आसमान को छू रहा है। इसे खरीदना आम लोगों के बजट में नहीं है। आर्टिफिशियल ज्वेलरी सोने की ज्वेलरी से बेहद सस्ती व आकर्षक होती है, यही नहीं इसमें अनेकों डिजाइन व कलर बाजार में उपलब्ध भी हैं, जो लोगों के मन को मोह लेते हैं। इनके टूटने व खो जाने पर भी लोगों को ज्यादा दुख नहीं होता।
स्नैचिंग की घटनाओं से नहीं पहनती वास्तविक गहने
गंगानगर निवासी ममता ने बताया कि शादी का सीजन होने के कारण शहर में चेन स्नैचिंग होने के डर से भी महिलाएं सोने के आभूषणों को कम ही पहन रही हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें विभिन्न तरह की ज्वेलरी पहनने का शौक है, जो केवल आर्टिफिशियल ज्वेलरी में ही उपलब्ध है। आर्टिफिशियल ज्वेलरी पहनने से महिलाओं की सुंदरता में चार चांद लग जाता है।
हर ड्रेस के साथ मैचिंग ज्वेलरी
रोहटा रोड निवासी कल्पना ने बताया कि उन्हें आर्टिफिशियल ज्वेलरी इसलिए पसंद है। क्योंकि वह अपने ड्रेस के कलर और डिजाइन के मुताबिक आसानी से इसे खरीद सकती है। इसके अलावा उन्हें आर्टिफिशियल गहने सोने के गहनों से ज्यादा सुरक्षित लगते हैं। चोरों का भी डर नहीं अगर खो भी जाए तो ज्यादा नुकसान नहीं होता।
वालालैब देगा असली डायमंड का लुक
बहुत से लोगों को डायमंड पहनने का शौक होता है, लेकिन बजट न होने के कारण लोग खरीद नहीं पाते, लेकिन अब ऐसे लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है वालालैब डायमंड। इस डायमंड की खासियत यह है कि यह हूबहू असली डायमंड जैसा लगता है। स्वर्णकार अनिल के अनुसार अब विदेशों के साथ देश में भी इसका क्रेज बढ़ रहा है। करीब 60 फीसद लोग इसकी डिमांड कर रहे हैं।
खास मौकों पर गोल्ड ज्वेलरी की डिमांड
स्वर्णकार अनिल ने बताया कि आर्टिफिशियल गहने अधिक प्रचलन में है, लेकिन सालगिरह, शादी जैसे खास मौके पर सोने के गहनों की भी डिमांड रहती है। आर्टिफिशियल और एंटीक ज्वेलरी कम बजट के साथ सोने के गहनों से कम रिस्की है साथ ही विभिन्न डिजाइन में आसानी से उपलब्ध है। इसलिए अब यह महिलाओं की पहली पसंद बनी हुई है।
आबूलेन स्थित ज्वेलरी शाप के मैनेजर सुमित ने बताया कि शादी का सीजन होने के कारण आर्टिफिशियल ज्वेलरी खरीदने वालों की मांग प्रतिदिन बढ़ रही है। इन दिनों आर्टिफिशियल ज्वेलरी की डिमांड जोरों पर है। रोजाना अनेकों ग्राहक आर्टिफिशियल ज्वेलरी खरीदने के लिए शॉप पर आते हैं और हजारों रुपये की ज्वैलरी खरीद रहे हैं। उन्होंने बताया कि 300 से शुरू होकर 5000 तक की कीमतों वाली आर्टिफिशियल ज्वेलरी बाजार में उपलब्ध है। साथ ही शॉपिंग करने पर आकर्षक उपहार भी ग्राहकों को दिए जा रहे हैं।
आर्टिफिशियल गहनों के दाम
कंगन 1000 -2999 तक
टिक्का 999- 4999 तक
ईयररिंग 299-2000 तक
गले का हार 1500-5000 तक

