- आज से इलेक्ट्रॉनिक सामान भी होगा महंगा, टूट जाएगी पब्लिक की कमर
- मोबाइल चलाना भी हो जायेगा महंगा, एलुमीनियम पर लगेगा 30 प्रतिशत आयात शुल्क
- टीवी, फ्रीज समेत कई इलेक्ट्रॉनिक्स आइटमों पर बढ़ रहे हैं रेट
- आधार और पैनकार्ड अपडेट कराने में करना पड़ेगा अतिरिक्त खर्च
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आज से कई नियमों में बदलाव होने वाला है। जिसका असर बाजार पर भी पड़ेगा। आयात शुल्क कुछ चीजों पर कम होगा तो कुछ पर बढ़ जायेगा। एल्मुनियम की बात करें तो इस पर 30 प्रतिशत आयात शुल्क लग जायेगा। जिससे टीवी, फ्रीज, वॉशिंग मशीन समेत कई इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम महंगे हो जायेंगे। इसके अलावा मोबाइल इस्तेमाल करना भी महंगा हो जायेगा।
साथ ही अब आधार और पैनकार्ड को लिंक कराने के लिये भी शुल्क देना होगा। अब इसकी आखिरी तिथि बढ़ाकर 31 मार्च 2023 कर दी गई है। साथ ही इस पर शुल्क लगा दिया गया है। जबकि यह पहले नहीं लगाया जा रहा था। इसके अलावा कई अन्य पदार्थों पर भी दाम बढ़ने की उम्मीद है।

नए वित्तीय वर्ष यानी आज से देश में टैक्स की नई दरें लागू होने जा रही हैं। जिसका असर यहां बाजार पर भी पडेÞगा। आज से कई वस्तुओं के दामों में भी परिवर्तन हो सकता है। केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने इस वर्ष के बजट सत्र में टैक्स दरों में कई बदलावा करने की घोषणा की थी। जोकि आज से लागू होने जा रही हैं। इसका असर आम आदमी पर पड़ना तय है कई चीजों पर इसे महंगाई बढ़ जायेगी।
महंगे: टीवी, एसी, फ्रीज
दरअसल, सरकार ने आज से एल्युमीनियम अयस्क और कंसन्ट्रेट एल्युमीनियम पर 30% आयात शुल्क लगाने का ऐलान किया था। इसका इस्तेमाल टीवी, एसी और फ्रीज के हार्डवेयर बनाने में होता है। कच्चे माल माल की आपूर्ति महंगी होने से इन उत्पादों की उत्पादन लागत में वृद्धि होना तय है, जिसका सीधा असर उपभोक्ता की जेब पर पड़ेगा। एसी और फ्रीज के कंप्रेसर में इस्तेमाल होने वाले पुर्जों पर भी आयात शुल्क बढ़ा दिया गया है, जिससे फ्रीज और कल पुर्जों के दाम में वृद्धि तय मानी जा रही है।
चांदी की भी बढ़ेगी कीमत
सोना चांदी व्यापार संघ अध्यक्ष संतकुमार वर्मा ने बताया कि चांदी पर लगने वाले आयात शुल्क में भी सरकार ने इजाफा करने का ऐलान किया था, जिसके चलते आज से चांदी के गहने और बर्तन के साथ ही इससे बनने वाले उत्पाद भी आज से महंगे होने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई निर्देश नहीं मिला है। जिस कारण दाम वही हैं, हालांकि चांदी के दाम प्रतिदिन ऊपर नीचे हो रहे हैं।
मोबाइल हो सकते हैं महंगे
लिटिल मोबाइल के अनुराग ने बताया कि मोबाइल फोन बनाने में इस्तेमाल होने वाले प्रिंटेड सर्किट बोर्ड पर भी सीमा शुल्क के साथ ही सेस भी लगा दिया है। बल्ब और मोबाइल बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पर मूल सीमा शुल्क के साथ छह प्रतिशत प्रतिपूर्ति शुल्क वसूलने की बात कही गई थी, जोकि आज से लागू हो सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो मोबाइल और बल्ब के दाम भी बढ़ जाएंगे।
इसके साथ ही हेडफोन पर भी रेट बढ़ाये जा सकते हैं। गौरतलब है कि इस वर्ष के बजट में जहां कुछ वस्तुओं पर आयात शुल्क में वृद्धि की गई थी तो वहीं, कुछ वस्तुओं पर टैक्स में कटौती करने का भी ऐलान किया गया था। इसका असर भी कल से दिखना शुरू हो सकता है। बजट में स्मार्टफोन से जुड़े कई उत्पादों पर आयात शुल्क कम करने का ऐलान किया गया था। इनमें मोबाइल का चार्जर, ट्रांसफॉर्मर, कैमरा लेंस और मॉड्यूल जैसी वस्तु शामिल हैं। मसलन मोबाइल एसीसिरीज महंगी हो सकती है।
आधार और पैनकार्ड लिंक कराना होगा महंगा
अगर आपने अभी तक आधार कार्ड को पैनकार्ड से लिंक नहीं कराया हो तो इसके लिये एक साल का और समय मिल गया है, लेकिन अब आपको आधार और पैनकार्ड को लिंक कराने के लिये चार्ज देना होगा। अब ये सर्विस ‘मुफ्त’ में नहीं मिलेगी। आयकर विभाग ने पैन-आधार लिंक कराने की आखिरी तारीख पूरे एक साल के लिये बढ़ा दी है। तिथि अब 31 मार्च 2023 तक बढ़ा दी गई है। अभी तक इस काम के लिए टैक्स देने वालों को कोई पैसा देने की जरूरत नहीं थी, लेकिन अब ये मुफ्त सेवा बंद कर दी है। अब आपको इसके लिये 1000 रुपये देने होंगे।
व्यापारियों ने कहा-बाजार में नहीं रहेगी रौनक
सदर व्यापार मंडल के महामंत्री अमित बंसल ने बताया कि टैक्स की दरें व कई चीजों पर आयात शुल्क बढ़ने से महंगाई की दरें भी बढ़ेगी। जिसका असर बाजार पर भी पड़गा। कोरोना के बाद बाजार लगातार गिरता जा रहा है। अब आयात शुल्क की दरे बढ़ने से इसका असर बाजार पर जरूर पड़ेगा। आम आदमी के साथ साथ व्यापारी को भी नुकसान उठाना पड़ेगा।
प्रोडक्शन हो जायेगी महंगी
हैंडलूम वस्त्र व्यापार संघ के महामंत्री अंकुर गोयल ने बताया कि कच्चे माल के दाम बढ़ने से प्रोडक्शन पर काफी असर पड़ेगा। जो माल पहले कम पैसों में तैयार हो रहा था वो फिर अधिक खर्च में तैयार होगा, जिसका असर बाजार पर भी पड़ेगा। बाजार में महंगाई सातवें आसान पर पहुंच जायेगी।
बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन
बढ़ती महंगाई को लेकर जिला व कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेसियों ने पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों और रसोई गैस के बढ़ते दामों को लेकर विरोध जताया। उन्होंने गैस सिलेंडर पर फूल माला पहनाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अवनीश काजला, शहराध्यक्ष जाहिद अंसारी ने कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में प्रवक्ता हरिकिशन अम्बेडकर, महेन्द्र शर्मा, सलीम खान, वसीम अंसारी, हाशिम अंसारी, सुमित विकल, अरविंद तालियान, मनोज चौहान आदि मौजूद रहे।

