जनवाणी संवाददाता |
मंसूरपुरः रविवार देर रात्रि हाईवे स्थित मंसूरपुर बस स्टैण्ड के समीप ट्रैक्टर-ट्राली व कार के बीच हुई भीषण भिडंत में कार सवार दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई तथा दो अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गए।हादसे में ट्रैक्टर चालक को भी गम्भीर चोट आई है।
नरेला दिल्ली निवासी चार दोस्त सौरभ,मोहित,प्रियांशु व अजय रविवार की देर रात्रि स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर दिल्ली से देहरादून घूमने जा रहे थे।रात्रि लगभग 12:30 बजे उनकी कार जैसे ही मंसूरपुर में बस स्टैण्ड के समीप पहूंची तो शुगर मिल में गन्ने डाल कर वापस जा रहे गांव बेगराजपुर निवासी अनिल की ट्रैक्टर -ट्राली से टकरा गई।
इस हादसे में कार सवार सौरभ व मोहित की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि अजय और प्रियांशु गम्भीर रुप से घायल हो गए।ट्रैक्टर चालक अनिल को भी गम्भीर चोट आई।घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को मैडिकल कालेज में भर्ती कराया,जहां से उन्हें मेरठ रैफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गये हैं। अभी इस मामले में तहरीर नही आई है।परिजन भी मौके पर पहुंच चुके थे।

