जनवाणी संवाददाता |
शामली: जनपद में ईद उल फितर का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान ईदगाह और मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। साथ ही, देश में सांप्रदायिक सौहार्द , अमन चैन और भाईचारे की दुआएं की गई।
मंगलवार को ईद उल फितर का त्योहार शामली जनपद में धूमधाम के साथ मनाया गया।

इस दौरान शामली की ईदगाह और जामा मस्जिद के अलावा कैराना, कांधला, झिंझाना, थानाभवन जलालाबाद, बाबरी आदि क्षेत्रों में भी ईद उल फितर का त्योहार बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया गया। पुलिस प्रशासन की सख्ती के चलते ईद की नमाज ईदगाह के अंदर अदा की गई। इस दौरान जहां जिलाधिकारी जसजीत कौर और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने शामली, झिंझाना, कैराना और अन्य स्थानों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया वहीं लोगों को ईद उल फितर की मुबारकबाद दी।

