जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मनोहरपुर रेस्ट एरिया के निकट जंगल में सोमवार सुबह यूकेलिप्टस के पेड़ से एक चिकित्सक का शव लटका मिला। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की। मृतक की पहचान बादशाहपुर निवासी 50 वर्षीय डॉ. राजवीर सैनी पुत्र भरत सिंह सैनी के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र नागर ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी बेहट प्रिया यादव ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़िए दैनिक जनवाणी।

