जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे और स्कूल परिसरों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। एहतियात के तौर पर सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग स्कूलों को धमकी भरे संदेश मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं। स्कूल परिसरों की गहन जांच की गई, लेकिन अब तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाल ही में दिल्ली और एनसीआर के कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई थी। इसी कड़ी में ताजा मामलों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी एवं साइबर विशेषज्ञों की मदद ले रही है।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। धमकी भेजने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी स्कूल से विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच अभियान जारी रखे हुए हैं।

