- बंगला मालिक के परमिशन मांगने पर नहीं दिखाए कोई कागजात
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लालकुर्ती के डोगरा मंदिर बीआई लेन स्थित बंगला नंबर-23 में बिना अनुमति के लाखों कीमत के कीमती पेड़ों को काट दिए गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच बंगले के मालिक ने लालकुर्ती पुलिस को मामले से अवगत कराया।
लालकुर्ती क्षेत्र के बीआईलेन में वरिष्ठ अधिवक्ता भारत ज्ञान भूषण का बंगला नंबर 23 है। बंगले में बड़ी संख्या में कीमती पेड़ों को लगाया हुआ है। रविवार को एमईएस के एक जेई द्वारा पांच लोगों के साथ मिलकर बंगले में खड़े हरे भरे पेड़ों को काट दिया। पेड़ों के कटने की आवाज सुनकर अधिवक्ता मौके पर पहुंचे तो उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया। इस बीच एमईएस के जेई ने अनुमति होने का हवाला दिया।

जब जेई से अनुमति के कागज मांगे तो वह दिखाने में विफल रहा। मोबाइल पर अनुमति होने का दावा करता रहा। इस बीच अधिवक्ता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। अधिवक्ता का कहना था कि जेई ने बिना अनुमति के बंगले में खड़े लाखों कीमत के पेड़ों को काटकर लकड़ियां एक ट्रोली में लाद ली।
वहीं जेई का कहना था कि बिजली के खंभों पर पेड़ की टहनियां आ रही थी, लेकिन जिन्हे काटा गया, लेकिन अधिवक्ता का कहना था कि जब बिजली के खंभों पर पेड़ की टहनियां आ रही थी तो उन्हे काटने के बजाए पूरे पेड़ों को जड़ से काटने की क्या जरूरत थी। अधिवक्ता का कहना था कि अगर मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वह एसएसपी से मिलकर मामले से अवगत कराएंगे।

