जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक कृष्णकुमार कुन्नाथ, जिन्हें केके के नाम से जाना जाता है, का 53 वर्ष की आयु में कोलकाता में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। कथित तौर पर कोलकाता के नजरूल मंच में एक संगीत कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के दौरान गायक की तबीयत खराब हो गई थी। जिसके बाद वह होटल लौट आए और गिर गए। उन्हें रात करीब साढ़े दस बजे कलकत्ता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएमआरआई) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। केके के निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक का माहौल पैदा हो गया है।
पोस्टमार्टम में सामने आएगा सच
केके के निधन के बाद हैरान करने वाली बातें निकलकर सामने आ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, जब केके अस्पताल पहुंचे तब उनके सिर पर चोट के निशान थे। हालांकि, इन सभी बातों पर से पोस्टमार्टम के बाद ही पर्दा उठेगा। जानकारी के मुताबिक, कुछ देर बाद एसएसकेएम अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम शुरू होगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मशहूर गायक केके के निधन के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने असामान्य मौत का मामला दर्ज किया है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि केके के चेहरे व सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस आयोजकों और होटल स्टाफ से पूछताछ कर सकती है।
उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू ने दी श्रद्धांजलि
उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू ने कहा कि प्रसिद्ध गायक श्री कृष्णकुमार कुन्नाथ के आकस्मिक निधन से व्यथित हूं। अपनी भावपूर्ण आवाज और मधुर गायन के लिए जाने जाने वाले श्री केके का निधन संगीत की दुनिया के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। शांति!
टीएमसी नेता बाबुल सुप्रियो ने जताया दुख
संगीतकार केके के निधन पर टीएमसी नेता बाबुल सुप्रियो ने कहा ‘वे बेहतरीन संगीतकार थे। वे बहुत शांतिपूर्ण जीवन जीते थे। संगीत की दुनिया में केके की आवाज़ का बड़ा योगदान रहा है। हम उन्हें किसी पार्टी में देखते भी नहीं थे। वे आते थे, गाना गाते थे और चले जाते थे। उनका जाना काफी दुखद है।’

