जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां को रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। उनकी पेशी की खबर मिलते ही कोर्ट परिसर के आसपास समर्थकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और पूरे परिसर में सतर्कता बरती गई।
दरअसल, शनिवार को रामपुर जेल से रिहा होने के तुरंत बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आजम खां को गिरफ्तार कर लिया था। उनकी गिरफ्तारी मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं एवं मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई है।
रविवार को ईडी की टीम आजम खां को गाजियाबाद स्थित विशेष पीएमएलए अदालत लेकर पहुंची, जहां एजेंसी ने उनसे पूछताछ के लिए कस्टडी रिमांड की मांग की। ईडी इस मामले में ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य गतिविधियों की जानकारी हासिल करना चाहती है। हालांकि, अदालत ने सुनवाई के बाद आजम खां को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
उधर, आजम खां की पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर के आसपास समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा रही। मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।

