- अभी मौसम में रहेगा परिवर्तन
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: मौसम वैज्ञानिकों के अनुमान के मुताबिक 17 और 18 जून को मौसम में परिवर्तन के संके त दिए गए थे। जिसके बाद दोनों दिन बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया। मौसम के सुहाना होने से जहां गर्मी का प्रकोप कम हुआ। वहीं, तापमान में भी गिरावट आई है। जून के महीने में तापमान 43 डिग्री के आसपास पहुंच गया था, लेकिन शनिवार को तापमान 31 डिग्री के आसपास आ गया है।
जिसके चलते लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत महसूस हुई है। तपती गर्मी में लोग बीमारी का शिकार हो रहे थे, लेकिन बारिश होने से लोगों को काफी हद तक राहत मिल गई है। हालांकि वैज्ञानिक अभी मौसम का रुख इसी तरह का होना बता रहे हैं। राजकीय मौसम वैधशाला पर शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्स्सियस एवं न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम आर्द्रता 96 एवं न्यूनतम आर्द्रता 63 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा का रुख सुबह और शाम को चार किमी प्रति घंटा रहा। बारिश 5.0 मिमी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष का कहना है कि मौसम में अभी परिवर्तन रहेगा। जिसके चलते अभी बूंदाबांदी होने की संभावना है।

