जनवाणी ब्यूरो |
लक्सर: लंढौरा में व्यापारियों के लिए साप्ताहिक बंदी का दिन बदलने का मामला गरमाता जा रहा है। कस्बे के व्यापारियों ने भाजपा विधायक संजय गुप्ता से मिलकर उन्हें मामले से अवगत कराया। विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि कस्बे में व्यापारियों के लिए पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी इसके लिए वह जिलाधिकारी से वार्ता करेंगे।
लंढौरा कस्बे में साप्ताहिक बंदी का दिन बदलने का मामला तूल पकडता जा रहा है। यहां गुरूवार को साप्ताहिक बंदी होती है। हाल ही में इसका दिन बदलकर शुक्रवार कर दिया गया। स्थानीय व्यापारी इसका विरोध कर रहें हैं। व्यापारियों का आरोप है कि कुछ लोगों के दबाव में दिन बदला जा रहा है।
इस संबंध में नगर पंचायत बोर्ड व रूडकी एसडीएम को भी अवगत कराया गया है। मामले को लेकर व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल लक्सर विधायक संजय गुप्ता से मिला तथा उन्हें ज्ञापन सौंपकर गुरूवार को ही साप्ताहिक बंदी लागू कराए जाने की मांग की। विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि अधिकांश व्यापारी साप्ताहिक बंदी की पुरानी व्यवस्था ही यथावत रखने की मांग कर रहें हैं।
ऐसे में शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी का कोई औचित्य नहीं हैं। लंढौरा में गुरूवार को ही साप्ताहिक बंदी लागू किए जाने के लिए वह जिलाधिकारी से वार्ता करेंगे। ज्ञापन देने वालों में योगेंद्र सिंह, सतीश प्रजापति, मांगेराम, दुर्गा जताना, सचिन अग्रवाल आदि शामिल रहे।

