- एडीजी, आईजी और एसएसपी ने शहर में अलग अलग जगह निकाला मार्च
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रमों की शृंखला में मेरठ पुलिस द्वारा तिरंगा के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर रूट मार्च किया गया । इस रूट मार्च का नेतृत्व एडीजी राजीव सभरवाल, आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण द्वारा अलग-अलग टुकड़ियों के साथ की गई।
एडीजी द्वारा आबूलेन, शिवचौक, हनुमान चौक, रजबन बाजार, लाल क्वार्टर, नैंसी चौपला, औघडनाथ मंदिर, बालाजी मंदिर, वेस्ट एंड रोड, सदर बाजार में फोर्स की टुकड़ी के साथ रूट मार्च किया गया तथा थाना सदर बाजार पर पहुंचकर रूट मार्च का समापन किया गया।
इसके साथ ही उनके द्वारा थाना सदर बाजार परिसर में स्थापित धन सिंह कोतवाल की प्रतिमा का माल्यार्पण किया गया। बेगमपुल से शुरू होने वाले रूट मार्च की दूसरी टुकड़ी का नेतृत्व आईजी मेरठ परिक्षेत्र मेरठ द्वारा करते हुए बच्चा पार्क, ईव्ज चौपला, इंदिरा चौक, हापुड़ अड्डा गांधी चौक, सूरजकुंड, हंस चौपला, पुलिस लाइन होते हुए अंबेडकर चौक पर पहुंच कर समाप्त हुआ।

इस शृंखला में बेगमपुल से दिल्ली रोड की तरफ निकाले जाने वाले रूट मार्च का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ द्वारा किया गया। उन्होंने फोर्स के साथ सोतीगंज, भैंसाली बस अड्डा, जली कोठी, छतरी वाला पीर, घंटाघर, वैली बाजार, कबाड़ी बाजार, शारदा रोड, गौरीपुरा, मेट्रो प्लाजा होते हुए केसरगंज होकर रूट मार्च निकाला गया, जो शहीद स्मारक पर समाप्त हुआ। इस दौरान सभी टुकड़ियों के साथ देशभक्ति से ओतप्रोत गीत भी म्यूजिक सिस्टम से बजाये गये।
रूट मार्च में एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक, क्षेत्राधिकारी कोतवाली, क्षेत्राधिकारी कैंट, के अलावा छठी वाहिनी पीएसी के असिस्टेंट कमांडेंट भी शामिल हुए। रूट मार्च में थाना सदर बाजार, थाना देहली गेट, थाना कोतवाली, लालकुर्ती के साथ ही पुलिस लाइन से क्यूआरटी की टीम द्वारा रूट मार्च में प्रतिभाग किया गया। इसके साथ ही छठी वाहिनी पीएसी की टुकड़ी रूट मार्च में सम्मिलित हुई तथा केंद्रीय अर्धसैनिक बल की आरएएफ टुकड़ी भी रूट मार्च में सम्मिलित हुई ।

