- वकीलों ने दीप्ति चौधरी और चीनू को पीटा, जेल भेजा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: वाह! क्या अजीब इत्तेफाक है कि कचहरी में वकीलों को पीटने वाले ही खुद वकील ही है। गत दिनों कचहरी के चेंबर में अधिवक्ता को मारपीट कर लूटपाट करने वाली आरोपी महिला अधिवक्ता और उसके साथी को पुलिस कस्टडी में कोर्ट के बाहर सैकड़ों अधिवक्ताओं ने घेर लिया और आरोपी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिसकर्मियों ने बामुश्किल आरोपी को उनके कब्जे से छुड़ाया और कोर्ट में पेश किया।
पल्लवपुरम सनसिटी कालोनी में सोमवार की रात डाक्टर पर जानलेवा हमला व मारपीट कर कार में तोड़फोड़ करने वाली महिला अधिवक्ता दीप्ति चौधरी और उसके साथी सुमित चौधरी उर्फ चीनू को पल्लवपुरम थाना पुलिस गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश करने लाई थी।

संबंधित थाने की कोर्ट में मजिस्ट्रेट उपलब्ध न होने पर पुलिस दोनों को कस्टडी में लेकर सीजेएम कोर्ट ले जा रही थी। इस बात की खबर पहले से ही कचहरी के अधिवक्ताओं को मिल गई थी कि अरविंद के साथ मारपीट करने वाली दीप्ति चौधरी और चीनू को पुलिस गिरफ्तार कर कोर्ट में ला रही है।
जब पुलिस उन्हें लेकर सीजेएम कोर्ट की ओर लेकर आई तो सैकड़ों अधिवक्ताओं ने दोनों आरोपी को घेर लिया। गुस्साए अधिवक्ताओं ने आरोपी चीनू को पुलिस कस्टडी में जमकर पीटा। पुलिस कर्मियों ने अधिवक्ताओं के चंगुल से आरोपी को बचाया और कोर्ट ले जाने लगे, लेकिन अधिवक्ता इतने गुस्से में थे कि फिर से चीनू को पकड़ कर जमकर धुनाई की।

चीनू से मारपीट के दौरान पुलिस कर्मी दीप्ति को लेकर आॅफिस में घुस गये। महिला अधिवक्ताओं ने दीप्ति चौधरी को भी पुलिस के सामने आॅफिस से निकाल लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर थाना सिविल लाइन पुलिस और सीओ सिविल लाइन भी मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने आरोपियों को सीजेएम कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों आरोपियों को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
दीप्ति, चीनू व एक अन्य ने डाक्टर पर किया जानलेवा हमला
सोमवार की रात पल्लवुरम क्षेत्र सनसिटी कालोनी निवासी डा. प्रियवीर चौहान पर चीनू और दीप्ति चौहान व अपूर्व सांगवान ने शराब के नशे में जानलेवा हमला कर मारपीट की थी। कालोनी के लोगों ने डाक्टर को बड़ी मुश्किल से उनसे बचाया था। थाना पुलिस ने मौके से दीप्ति चौधरी और सुमित चौधरी उर्फ चीनू को गिरफ्तार कर लिया था।
हाईकोर्ट के जज के इशारे पर पुलिस आई हरकत में
डा. प्रियवीर चौहान के भाई दिल्ली हाईकोर्ट में जज हैं। बताया जाता है कि मारपीट जानलेवा हमले की जानकारी भाई जज को मिली तो उन्होंने थाना पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने के लिए कहा था। उसके बाद ही पल्लवपुरम पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन अपूर्व सांगवान वहां से फरार हो गया था।
कचहरी में अधिवक्ता अरविन्द से की थी लूटपाट व मारपीट
कचहरी परिसर स्थित अधिवक्ता अरविन्द सिंह को 18 अगस्त में उनके ही चेंबर में दीप्ति चौधरी और सुमित चौधरी उर्फ चीनू ने जमकर पीटा था। बल्कि मारपीट कर उनका वीडियो भी वायरल कर दिया था। घटना के दौरान एक सोने की चेन और 25 हजार रुपये लूट लिये थे। सिविल लाइन थाने में दोनों के खिलाफ लूटपाट की धारा में मुकदमा दर्ज हुआ था।

