जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी लगातार बागी नेताओं पर एक्शन के मूड में नजर आ रही है। भाजपा ने इस बार अपने तीन पूर्व विधायकों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
इन पूर्व विधायकों में आशा देवी, भाई दिनेश और श्रीकांत निराला का नाम शामिल है। भाजपा ने निलंबित किए गए तीनों पूर्व विधायकों पर पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने के मामले में कार्रवाई की है।

बता दें कि इससे पहले भी पार्टी नौ नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। 12 अक्तूबर को पार्टी ने जिन नौ नेताओं को निलंबित किया था उनमें भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, राष्ट्रीय मंत्री रहे रामेश्वर चौरसिया, पूर्व विधायक डॉ. ऊषा विद्यार्थी, विधायक रवींद्र यादव, इंदु कश्यप, श्वेता सिंह, अनिल कुमार, मृणाल शेखर और अजय प्रताप थे।
बता दें कि कोरोना संकट के बीच चुनाव आयोग ने 25 सितंबर को बिहार विधानसभा चुनाव तारीखों की घोषणा कर दी। 28 अक्टूबर को प्रथम चरण का मतदान, वहीं दूसरे चरण का तीन नवंबर और अंतिम चरण का सात नवंबर को होगा। जबकि नतीजे की घोषणा 10 नवंबर को होगी। खास बदलाव यह है कि मतदान के लिए एक घंटे का वक्त बढ़ाया गया है। यह सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। यह बदलाव नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नहीं होगा। अन्य सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं।

