- पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एक महीने से पत्नी का पीछा करने और छेड़छाड़ करने वाले मनचले को पति ने रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी की पति पत्नी ने जमकर धुनाई की। छेड़छाड़ की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
टीपीनगर थाना क्षेत्र प्रताप विहार निवासी एक युवती बुढ़ाना गेट स्थित मॉल में नौकरी करती है। पति ड्राइवर है। पति अक्सर बाहर रहता है। गुप्ता कालोनी निवासी दिनेश नाम का युवक एक महीने से युवती का पीछा कर रहा था। युवक कभी युवती को रास्ते में रोककर उससे कहता था कि मुझसे शादी कर लो और अपने पति को छोड़ दो।
कई बार युवती ने उसे समझाने की कौशिश की, लेकिन वह नहीं माना और रोज उसका रास्ता रोककर उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। युवती ने छेड़छाड़ करने वाली बात अपने पति को बताई। युवती रोज की भांति शुक्रवार को मॉल में नौकरी करने गई थी। जब शाम को युवती आॅफिस से नौकरी करके घर के लिए निकली तो बाहर खड़ा दिनेश उसका पीछा करने लगा।
सुनियोजित तरीके से पति आरोपी को पकड़ने के लिए पहले से ही बाहर इंतजार कर रहा था। युवती जब पैदल खैरनगर होते हुए छतरी वाले पीर के पास पहुंची तो युवक ने फिर से उसका रास्ता रोककर छेड़छाड़ की। युवती के पति ने छेड़छाड़ करने वाले युवक को रंगेहाथ दबोच लिया।

दंपति ने युवक की जमकर पिटाई की। युवक के साथ मारपीट होते देख तमाम लोग वहां आ गये। लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना पर थाना देहली गेट पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दिनेश को हिरासत में लेकर थाने ले गई। छेड़छाड़ की तहरीर युवती ने थाने पर दी है।
पुलिस ने युवक पर धारा 354 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। युवती ने बताया कि युवक काफी दिनों से उसका पीछा कर रहा था। पहले वह घर पर भी आता था, लेकिन बाद में वह उससे अश्लील बात कर उसे परेशान करने लगा था। परेशान होकर उसने अपने पति को सारी बात बताई।
युवक की ससुराल पक्ष से हुई मारपीट, पुलिस बनी तमाशबीन
मेरठ: पत्नी को ससुराल लेने गये युवक से ससुरालियों की जमकर मारपीट हुई। मौके पर पुलिस पहुंची तो उसके सामने भी लात घूंसे चले। पुलिस मारपीट होते देख मूकदर्शक बनी रही। मारपीट का वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र शालीमार गार्डन निवासी तौहिद का निकाह दो साल पहले ब्रहमपुरी क्षेत्र तारापुरी चूना भट्टी निवासी मुस्कान के साथ हुआ था। तौहिद दिल्ली में काम करता है। दो दिन पहले तौहिद की पत्नी मुस्कान का अपनी सास के साथ विवाद हो गया।
जिसके चलते वह अपने मायके चली गई। शुक्रवार को तौहिद दिल्ली से आया और अपनी पत्नी को लेने ससुराल चला गया। वहां पर तौहिद की ससुराल पक्ष से मारपीट हो गई। मारपीट की सूचना पर ब्रहमपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ते रहे। लेकिन पुलिस तमाशबीन बनी रही। दोनों पक्षों ने थाना ब्रहमपुरी में तहरीर दी है।
दहेज उत्पीड़न का आरोपी गिरफ्तार
मेरठ: लिसाड़ी गेट पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के एक मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी एक युवती की शादी जानी निवासी शाहरुख के साथ हुई थी। पति शाहरुख द्वारा दहेज मांगने और प्रताड़ित करने पर विवाहिता ने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था।
शुक्रवार को आरोपी की तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर छापा मारा। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शाहरुख पत्नी के मकान के आसपास घूम रहा है। पुलिस ने सूचना के बाद आरोपी शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट मेें पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
ग्राहकों को बुलाने पर व्यापारियों में चले लाठी-डंडे
मेरठ: लालकु र्ती पैंठ क्षेत्र में ग्राहकों को अपनी तरफ बुलाने की बात पर दो दुकानदार आपस में भिड़ गये। दुकानदारों के बीच जमकर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड चली। जिसमें एक दुकानदार गंभीर रुप से घायल हो गया। मारपीट दो संप्रदाय के दुकानदारों के बीच हुई तो माहौल गर्मा गया, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मारपीट के आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
लालकुर्ती थाना क्षेत्र पैंठ एरिया में लोहा मार्केट में सदर बाजार, रविन्द्रपुरी निवासी मयंक पुत्र स्व. रंजीत कुमार की छाते की दुकान है। वहीं मयंक के बराबर सोहराब गेट निवासी अब्दुल रहमान की भी छाते की दुकान है। शुक्रवार को शाम के वक्त एक ग्राहक अब्दुल रहमान की ओर आया और मोलभाव करने लगा। इसके बाद वह बराबर में मयंक की दुकान पर खरीददारी करने चला गया, लेकिन वहां भी उसे सामान पसंद नहीं आया।
इसके बाद वह अब्दुल रहमान की दुकान पर गया और वहां खरीदारी करने लगा। इस बात पर मयंक की अब्दुल से कहासुनी हो गई। मयंक ने आरोप लगाया कि तुम हमारे ग्राहक को अपनी ओर बुला लेते हो। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। दोनों दुकानदार आपस में भिड़ गये और एक दूसरे पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। मारपीट में अब्दुल रहमान गंभीर रुप से घायल हो गया।
मारपीट के दौरान आसपास के तमाम व्यापारी मौके पर जमा हो गये। मामला दो संप्रदाय का होने पर पर बाजार में माहौल गर्मा गया, लेकिन सूचना पर लालकुर्ती पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों के व्यापारियों को शांत किया। मौके से पुलिस ने मयंक और उसका भाई कार्तिक श्रीवास्तव को हिरासत में ले लिया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। लालकुर्ती थाना प्रभारी अतर सिंह का कहना है कि दोनों पक्ष थाने पर हैं। दोनों की तरफ से तहरीर दी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी। एक पक्ष के सिर में चोट लगी है।

