- नगर निगम के घर-घर कूड़ा उठाकर सड़क पर बिखेरने को लेकर नगर आयुक्त से मांगा जवाब
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: विकास भवन सभागार में सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें केन्द्रीय राज्यमंत्री मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग डा. संजीव बालियान ने समस्त विभागों में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति की बिन्दुवार समीक्षा करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की ओर से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र मेंं संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों तक पहुुंच सके, इसके लिए अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को योजनाओं से अवगत कराते हुए कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मंत्री से नंगलाशाहू स्थित एक मदरसे में छात्रवृत्ति घोटाले की शिकायत की गई। इस मुद्दे पर काफी देर तक चर्चा हुई, जिसमें यह बात सामने आई कि एक ही भवन में कई-कई मदरसे चलने की बात सामने आई है। तर्क दिया गया कि बेसिक से लेकर उच्च शिक्षा तक देने के लिए अलग-अलग नाम दिए गए हैं, लेकिन यहां सवाल उठा कि अलग-अलग कक्षा चलाने के लिए जितने कक्ष जरूरी होते हैं, वे मौके पर हैं या नहीं।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शैलेश राय से इस संबंध की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस बात पर डा. संजीव बालियान ने उनकी जमकर क्लास लगाई। डीएम दीपक मीणा ने स्थिति संभालते हुए टीम बनाकर जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए आश्वस्त किया।
नगर क्षेत्र में हर घर से कूड़ा उठाने की नगर निगम की योजना को लेकर जहां प्रशंसा की गई, वहीं निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की जर्जर अवस्था के चलते उठाया गया कूड़ा शहर भर की सड़कों पर बिखेर देने की शिकायत भी की गई। इस मुद्दे पर नगर आयुक्त से जवाब मांगा गया, उनका कहना था कि शीघ्र ही बंद गाड़ियों की व्यवस्था की जाएगी। जिसके बाद कूड़ा बिखरने की शिकायत का निस्तारण हो जाएगा।
केन्द्रीय राज्यमंत्री ने पीएम आवास शहरी व ग्रामीण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कांशीराम आवास में अपात्र पाए गए लाभार्थियों के आवंटन को निरस्त करने तथा कांशीराम आवास योजना के अतिरिक्त अन्य सरकारी आवासीय परिसंपत्तियों का सर्वे करने के निर्देश दिए। पंडित दीन दयाल उपाध्याय कौशल योजनांतर्गत युवाओं को रोजगार मेले के माध्यम से रोजगार दिए जाने के संबंध में समीक्षा की।
इसके अलावा मनरेगा, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी, अमृत योजना, सांसद निधि योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण एवं शहरी सड़क योजना, फसल बीमा योजना, सर्व शिक्षा अभियान आदि की समीक्षा की गई। डीएम ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया, जनप्रतिनिधियों के स्तर से उठाई गई समस्याओं का निराकरण और उनकी ओर से दिए गए सुझावों पर अमल किया जाए।
समीक्षा बैठक में सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, जिलाधिकारी दीपक मीणा, सीडीओ शशांक चौधरी, नगरायुक्त अमित पाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा संबंधित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

