- जिला कारागार में एडीजी ने किया जेपीएल का शुभारंभ
- 26 दिसंबर को होगा फाइनल, सात टीमों के कप्तान हत्यारोपी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जिला कारागार, मेरठ में जेल क्रिकेट प्रीमियर लीग सीजन-5 की शुरुआत हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सभरवाल द्वारा कारागार में कल्पवृक्ष का पौधा रोपित किया गया तथा फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया गया। इस टूर्नामेंट में बंदियों की सात टीमें भाग ले रही हैं। इन टीमों के कप्तान हत्या के आरोप में विचाराधीन बंदी है।
यह टूर्नामेंट जिला कारागार के 16 नम्बर अहाते के मैदान में तैयार की गई पिच पर 26 दिसम्बर तक चलेगा, जिसमें प्रत्येक टीम 12 लीग मैच खेलेगी। इस टूर्नामेंट का प्रत्येक लीग मैच 15-15 ओवर का होगा और फाइनल मैच 20-20 ओवर का रहेगा। इस टूर्नामेंट में विचाराधीन बंदी राजू श्रीवास्तव तथा विचाराधीन बंदी फैजल अम्पायर की भूमिका में हैं।
कमेंटेटर का काम विचाराधीन बंदी दीपक निराला तथा सिद्धदोष बंदी सनब्बर कर रहे हैं। आज का मैच ह्यूमेन किंग्स तथा पीस राइडर्स की टीमों के बीच खेला गया, अपर महानिदेशक राजीव सभरवाल द्वारा किये गये टॉस में पीस राइडर्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का निर्णय लेते हुए ह्यूमेन किंग्स को बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किया।
ह्यूमेन किंग्स की टीम ने 14.2 ओवरों में आॅल आउट होकर 182 रन बनाये तथा पीस राइडर्स की टीम को 183 रन बनाने का लक्ष्य दिया। ह्यूमेन किंग्स टीम की तरफ से ओपनर बल्लेबाज साकिब ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों पर 60 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा चौथे बल्लेबाज के रूप में आये शेरा ने 37 गेंदों पर नाबाद 97 रन बनाकर अपनी टीम को सुरक्षित किया।

इसके जवाब में उतरी पीस राइडर्स की टीम 12 ओवर तक ही टिक कर महज 162 रन बना सकी। इस प्रकार यह मैच ह्यूमेन किंग्स ने 20 रन से जीतकर टूर्नामेंट की पहली जीत को अपने नाम किया। आज के मैन आॅफ द मैच का खिताब ह्यूमेन किंग्स के बल्लेबाज शेरा को मिला। आज का मैच सेन्ट टेलंडर्स तथा सुपर वारियर्स के बीच में खेला जायेगा।
इस टूर्नामेंट के आयोजक वरिष्ठ जेल अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से न केवल बंदियों का मनोरंजन होने बल्कि उनके बीच मित्रता, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना के विकसित होने की भावना भी उत्पन्न होगी। इस मौके पर जेलर राकेश वर्मा, मनीष कुमार, नवीन कुमार, विक्रम सिंह आदि का विशेष योगदान रहा।

