- सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में कार्यक्रम आयोजित
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: शहर स्थित सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कालेज में ‘आजाद हिंद सरकार’ के गठन की वर्षगांठ हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाई गई। बुधवार को इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र के सम्मुख पुष्पार्चन से हुआ। इस अवसर आचार्य प्रीतम सिंह प्रीतम ने अपने संबोधन में कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आज ही के दिन आजाद हिंद सरकार की कमान अपने हाथ में ली, जो स्वतंत्र भारत की प्रथम अस्थायी सरकार थी।
उन्होंने प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति तथा सेनाध्यक्ष का पद स्वयं संभाला। विश्व के प्रमुख देशों जर्मनी, जापान, फिलीपिंस, कोरिया, चीन, इटली और आयरलैंड ने अपनी मान्यता आजाद हिंद सरकार को दी। नेताजी सुभाष चंद्र बोस का ये कार्य देश की आजादी में मील का पत्थर साबित हुआ।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आनंद प्रकाश शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन चरित्र पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें देश का महान सेनानी बताया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य नीटू कश्यप ने किया।
इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य मलूक चंद, आचार्य अरविंद कुमार, पवन कुमार, मोहरसिंह, अंकुर कुमार, अशोक कुमार, अक्षय कुमार, अंकित भार्गव, प्रदीप कुमार आदि उपस्थित रहे।

