- विद्यालय के 12 छात्रों ने हासिल किए रजत, कांस्य पदक
जनवाणी संवाददाता |
शामली: ओपन डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट में तीरंदाजी प्रतियोगिता के बीएसएम स्कूल के विजेता छात्रों को विद्यालय में सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधक समिति के चेयरमैन एवं मैनेजर ने विजेताओं का उत्साह वर्धन किया।
गत 23 नवंबर को शामली के सनशाइन एकेडमी में ओपन डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिसका नेतृत्व बीएसएम स्कूल आर्चरी कोच अनुज वेदवान व सनशाइन एकेडमी के कोच शिवम ने संयुक्त रूप से किया। टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अर्जुन कालखंडे रहे।
इस टूर्नामेंट में नगर की कई एकेडमी से 36 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बीएसएम स्कूल के 12 बच्चों ने इस प्रतियोगिता मे प्रतिभाग कर एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। स्कूल के सभी 12 बच्चों ने उत्तम प्रदर्शन कर पदक पर कब्जा जमाया। पदक प्राप्त करने वाले छात्रों में 30 मीटर जूनियर कैटेगरी में हर्षित पन्नू ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक, अक्षित खैवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक प्राप्त किया। टीम मैच में स्कूल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया और प्रयास, हर्षित और वंश ने रजत पदक पर कब्जा जमाया।
विद्यालय पहुंचने पर सभी विजेता खिलाड़ियों को पदक पहना कर सम्मानित किया गया। स्कूल चेयरमैन सूर्यवीर सिंह, मैनेजर छाया सिंह, प्रधानाचार्य राहुल चौधरी ने सभी विजेता छात्रो को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

