जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: मंगलवार को कड़ाके की ठंड का असर देखकर प्रशासन भी नींद से जागता दिखाई दिया। एडीएम प्रशासन ने आज सवेरे रेलवे स्टेशन पर बने नगरपालिका परिषद् के रेन बसेरे के साथ ही अन्य अस्थाई रेन बसेरों का निरीक्षण करते हुए वहां बेसहारा लोगों के ठहरने के लिए की गयी व्यवस्थाओं को परखा। रेन बसेरों में अलाव और गर्म बिस्तरों के बंदोबस्त के निर्देश दिये।कई दिनों से बनी सर्दी के बावजूद भी अभी तक रेन बसेरों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त नहीं किया गया। न ही प्रशासनिक स्तर से शहरों में असहाय और बेसहारा लोगों के रात्रि में सर्दी से बचाव व ठहरने के लिए वहां पर पर्याप्त बंदोबस्त किये गये हैं।
सीजन की पहली ठंड के बाद प्रशासन जागा और अफसरों को इन रेन बसेरों में व्यवस्था की सुध आई है। एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर सिंह ने रेलवे स्टेशन के रेन बसेरे में पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं को परखा। एडीएम ने बताया कि रेलवे स्टेशन के रेन बसेरे में बिस्तर आदि की व्यवस्था को ठीक पाई गई, लेकिन वहां पर साफ सफाई का अभाव मिला है। इसके लिए निर्देश दिये गये हैं। साथ ही शहरी क्षेत्र में पालिका के स्तर से भी अलाव जलाने की व्यवस्था को आज रात से प्रारम्भ कराया जा रहा है।
इसके लिए जो भी व्यवस्थाएं हैं, वो अतिशीघ्र शुरू की जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में तहसीलों के स्तर पर अलाव आदि की व्यवस्था शुरू कराई जा चुकी है। उन्होंने शेल्टर होम में लोगों की मूलभूत आवश्यकता को पूर्ण करने हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित भी किया गया। साथ ही अधिशासी अधिकारी नगर पालिका के लिए निर्देश जारी किये कि वह रात्रि में आगंतुकों को ठंड से बचाव करने हेतु विश्राम के लिए बेड एवं कंबल की व्यवस्था करायी जाये।

