जनवाणी संवाददाता |
सरधना: सहारनपुर जिले के देवबंद में शनिवार सुबह सड़क हादसे में सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव निवासी चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु शाकंभरी देवी से माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए लौट रहे थे। इसी दौरान बर्तनों से भरे एक कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

शाकंभरी देवी के दर्शन करने गए थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव के करीब 18 लोग सात अक्टूबर को शाकंभरी देवी के दर्शन करने गए थे। शनिवार सुबह करीब सात बजे सभी माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए वापस लौट रहे थे। देवबंद में हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर श्रद्धालु रस्सी का घेरा बनाकर कुछ देर आराम करने के लिए रुक गए। इसी दौरान पीछे से आए बर्तनों से भरे कैंटर ने श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी।
हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को सहारनपुर और मेरठ रेफर किया गया।
पुलिस ने कैंटर चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद कुशावली गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

