- फायरिंग से पुलिस में हड़कंप, गांव में तनाव, पुलिस तैनात
- ग्राम प्रधान सहित 8 नामजद अन्य अज्ञात पर मुकदमा
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: एक दिन पूर्व गांव मन्ना माजरा में दो युवकों की आपस में बाइक टकराने को लेकर विवाद की रंजिश रविवार को फायरिंग में बदल गई। फायरिंग में गोली लगने से एक किशोरी और तीन युवक घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को शामली सीएचसी में भर्ती कराया जहां पर किशोरी समेत दो लोगों को हायर सैंटर रैफर कर दिया गया। तनाव के चलते गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वहीं इस मामले में ग्राम प्रधान समेत आठ नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
शनिवार को गांव मन्ना माजरा में ग्राम प्रधान सरवेज पक्ष के आशिक व पूर्व प्रधान तैय्यब के भतीजे मोबीन की बाइक आपस में टकराने पर मारपीट हो गई थी। शनिवार देर रात ही प्रधान सरवेज के भतीजे को भी दूसरे पक्ष ने मारपीट कर घायल कर दिया था। एक दिन पूर्व की रंजिश के चलते रविवार सुबह गांव में फायरिंग शुरू हो गई। जिसमें एक पक्ष के असजद, मुनव्वर, तोसिर व एक किशोरी घायल हो गए।
वहीं फायरिंग की सूचना पर कोतवाली प्रभारी प्रेमवीर राणा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर घायल असजद तथा युवक तोसीर व एक किशोरी को शामली जिला अस्पताल में भर्ती कराया तथा एक युवक मुनव्वर को सीएचसी कैराना में भर्ती कराया। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
वहीं गांव में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है। फायरिंग की सूचना मिलने के बाद एसपी नित्यानंद राय गांव मन्ना माजरा में पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। बाद में पुलिस ने पूर्व प्रधान पक्ष के इनाम की तहरीर पर ग्राम प्रधान सरवेज सहित 8 नामजद व अज्ञात आरोपियो के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसपी नित्यानंद राय ने बताया कि एक दिन पूर्व बच्चों के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट व फायरिंग हुई हैं। जिसमें 4 लोग घायल हुए। घायलों का इलाज कराया जा रहा हैं। पुलिस बल मौके पर मौजूद है। मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

