- बिहार और यूपी उप चुनाव को लेकर सतर्कता बरती
- यमुना ब्रिज और बिड़ौली चेकपोस्ट पर सघन चेकिंग
जनवाणी संवाददाता |
कैराना: बिहार में विधानसभा और यूपी में उप चुनाव के मद्देनजर शराब की तस्करी की रोकथाम के लिए यूपी-हरियाणा बॉर्ड पर आबकारी विभाग की टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
बिहार में प्रथम चरण का चुनाव के लिए बुधवार को मतदाता वोट डालेंगे। इसी तरह यूपी में भी विधानसभा की कुछ सीटों पर उप चुनाव के लिए प्रचार जोर-शोर से चल रहा है। चुनाव के मद्देनजर शराब की तस्करी की रोकथाम के लिए आबकारी विभाग के अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर उप्र के हरियाणा की सीमा से सटे शामली, सहारनपुर, बागपत, गौतमबुद्धनगर, अलीगढ़ एवं मथुरा जनपदों में आबकारी विभाग को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
उक्त जनपदों से बिहार को हरियाणा में बनी शराब की तस्करी होने की सर्वाधिक संभावना बनी रहती है। वहीं कैराना कोतवाली में पानीपत तथा झिंझाना थाना क्षेत्र में करनाल से सटी यूपी-हरियाणा बॉर्डर से भी पूर्व में पकड़ी गई अवैध शराब के द्वारा बिहार में तस्करी होने का खुलासे हो चुके हैं।
जिसके चलते प्रदेश सरकार ने अवैध मदिरा तस्करी रोकने के लिए सभी जनपदों में पुलिस आबकारी एवं राजस्व अधिकारियों को सघन चेकिंग अभियान चलाकर कार्यवाही करने के सख्त निर्देश दे रखे हैं।
इसके चलते सोमवार को यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर आबकारी इंस्पेक्टर कृष्ण मुरारी सिंह के नेतृत्व में आबकारी की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान हरियाणा की ओर से आने वाले चार पहिया वाहनों को रुकवा कर गाड़ियों की डिग्गी एवं सीटों के नीचे चेकिंग की गई।
आबकारी इंस्पेक्टर ने बताया कि बिहार में चुनाव के मद्देनजर शासन के निर्देश पर सभी चेकपोस्टों पर 24 घंटे आबकारी स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई हैं।
इस दौरान मदिरा व मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी रखी जा रही हैं। उधर, झिंझाना क्षेत्र में बिडौली चेकपोस्ट के पास भी आबकारी विभाग द्वारा हरियाणा की ओर से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।

