- गन्ना मूल्य बढाने तथा गन्ना भुगतान सहित अनेक मांगों पर अड़े रहे किसान
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: भाकियू के नेतृत्व में गन्ना मुल्य बढ़ाने तथा गन्ना भुगतान शीघ्र करने सहित अनेक मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में धरनारत किसानों से मिलने एसपी व सीओ सिटी पहुंचे। किसानों ने दोनों अधिकारियों से साफ कहा दिया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं धरना जारी रहेगा।
गन्ने के दाम बढ़ाने सहित किसानों की अनेक समस्याओं को लेकर कलक्ट्रेट में बुधवार को तीसरे दिन भी किसानों का अनिश्चित कालीन धरना जारी रही। भाकियू के नेतृत्व में किसान कलक्ट्रेट में अपने तंबू लगाकर रात-दिन धरनारत हैं। बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे पहले एसपी डा. धर्मवीर सिंह व उसके बाद सीओ सिटी कुलदीप गुप्ता किसानों से धरना स्थल पर वार्ता करने पहुंचे।
सीओ सिटी ने भाकियू जिलाध्यक्ष के तंबू में बैठकर किसानों से वार्ता की। वार्ता के दौरान भाकियू युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने कहा कि जब तक किसानों की समस्त मांगें पूरी नहीं हो जातीं किसानों का धरना जारी रहेगा। सीओ सिटी से हुई वार्ता में चौधरी दिगंबर सिंह के अलावा जिलाध्यक्ष चौधरी कुलदीप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर रामौतार सिंह, होशियार सिंह, अतुल कुमार आदि किसान नेता मौजूद रहे।

