- नोडल अधिकारी पी गुरु प्रसाद ने किया कोविड अस्पतालों का निरीक्षण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नोडल अधिकारी पी गुरु प्रसाद ने गुरुवार को कोविड मरीजों के इलाज के लिए बनाये गये डेडिकेटेड कोविड अस्पताल संतोष अस्पताल का निरीक्षण के दौरान कहा कि संतोष अस्पताल अपने स्टैंडर्ड में बढ़ोतरी करें तथा मरीज को एल-3 अस्पताल में रेफर करने में देरी न हो ये सुनिश्चित करें।
उन्होंने वहां सीसीटीवी से की जा रही मॉनिटरिंग को भी देखा। वहीं, एनसीआर इंस्टीट्यूट आॅफ मेडिकल साइंस के निरीक्षण के दौरान उनको अच्छा फीडबैक मिला।
नोडल अधिकारी ने एल-2 स्तर के कोविड अस्पताल बनाये गये संतोष अस्पताल के निरीक्षण के दौरान वहां चिकित्सा अधीक्षक के कक्ष में बैठक करते हुये निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर से बेहतर उपचार दिया जाये तथा गंभीर मरीजों को समय रहते एल-3 अस्पताल में रेफर किया जाये।
उन्होंने वहां सीसीटीवी से की जा रही मॉनिटरिंग को देखा। मरीजों को अच्छा भोजन व दवा समय से मिलें ये भी सुनिश्चित किया जाये साथ ही साफ-सफाई की व्यवस्था भी अपेक्षा अनुरूप हो। नोडल अधिकारी ने नेशनल कैपिटल रीजन इंस्टीट्यूट आॅफ मेडिकल साइंस के निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधीक्षक के कक्ष में बैठक करते हुये उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों को एल-3 अस्पताल में समय से रेफर किया जाये।
उन्हें एनसीआर अस्पताल का भोजन, उपचार, साफ-सफाई का अच्छा फीडबैक मिला तथा उनके संज्ञान में आया कि अस्पताल का ट्रैक रिकार्ड अच्छा है। उन्होंने वहां सीसीटीवी से की जा रही मॉनिटरिंग को भी देखा। जिलाधिकारी के. बालाजी ने बताया कि संतोष अस्पताल में वर्तमान में आठ कोरोना मरीज अपना उपचार करा रहे हैं। संतोष अस्पताल में अब तक करीब 13 मरीज उपचार के बाद सही होकर अपने घर चले गये हैं तथा अस्पताल में दो मृत्यु भी हुयी है।
एनसीआर इंस्टीट्यूट आॅफ मेडिकल साइंस में वर्तमान में 89 कोरोना मरीज अपना उपचार करा रहे हैं। अब तक करीब 2168 मरीज इस अस्पताल से उपचार के बाद ठीक होकर अपने घर चले गये हैं तथा अस्पताल में तीन मृत्यु भी हुई है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त सुभाष चन्द्र प्रजापति, सीएमओ डा. राजकुमार, डा. अशोक तालियान, डा. पीपी सिंह, संतोष अस्पताल के डायरेक्टर रविन्द्र डांगर, डा. विवेक ऋषि, एनसीआर इंस्टीट्यूट आॅफ मेडिकल साइंस की डायरेक्टर डा. हिमानी अग्रवाल, डा. शिवानी अग्रवाल, डा. अष्वनी शर्मा सहित अन्य अधिकारी, चिकित्सक आदि उपस्थित रहे।

