निरीक्षण के दौरान संयुक्त कार्यालय के कर्मियों को फटकार
साफ-सफाई और फाइलों को दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
जनवाणी संवाददाता |
शामली: आयुक्त सहारनपुर मंडल डा. लोकेश एम. ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट शामली का निरीक्षण किया। आयुक्त ने सर्वप्रथम जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में वाद पत्रावलियों का निरीक्षण किया। उन्होंने आलमारियों में वाद पत्रावलियों को नियत तारीख के अनुसार रखरखाव के निर्देश दिए ताकि उनको ससमय पर देखा जा सके। एक वाद में जजमेंट की अपलोड होने की स्थिति को भी देखा, जो सही मिली। मंडालयुक्त ने रेवेन्यू कोर्ट में चल रहे पुराने वादों का दिन प्रतिदिन तारीख लगाकर निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि जो टारगेट राजस्व परिषद द्वारा दिया गया है, उसके अनुसार मुकदमों का निस्तारण किया जाए।
इसके बाद पहली मंजिल पर संयुक्त कार्यालय का निरीक्षण कर पटलवार जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यालय में किसी भी पटल पर किसी भी कर्मचारी द्वारा कार्य विभाजन संबंधी आदेश मांगने पर नहीं दिखाया गया। ना ही मास्टर रजिस्टर व फाइल रजिस्टर के बारे में कोई जानकारी दी गई जिस पर आयुक्त द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी कार्य तत्काल पूर्ण कराते हुए अवगत कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कमिश्नर की फटकार पर संयुक्त कार्यालय के कर्मचारी बगले झांकने लगे।