घरेलू कलह के चलते आत्महत्या का मामला मान रही है पुलिस
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए व्यक्ति का शव घर से कुछ दूर स्थित एक खाली कमरे में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इसे जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या मान रही है।
नगर के मोहल्ला खानकाह निवासी 55 वर्षीय इस्लाम कासिमपुरा मार्ग पर एक घेर में पत्नी-बच्चों के साथ रह रहा था। इस्लाम यहां रहकर एक व्यक्ति के पशुओं की देखरेख का काम कर रहा था।
बताया जाता है कि शनिवार को इस्लाम घर से निकला था लेकिन देर शाम तक भी वापस नहीं लौटा। परेशान परिजनों ने इसकी सूचना खानकाह पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को दी।
जिसके बाद पुलिस ने इस्लाम की तलाश शुरू की तो देर रात उसका शव घर से ही कुछ दूर स्थित एक खाली पड़े ट्यूबवेल के कमरे में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। कोतवाल एचएन सिंह ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि मृतक घर में कहासुनी के बाद बाहर निकला था।
शव देखने से लगता है जैसे किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया गया हो। प्रथम दृष्टियां यह घरेलू कलह के चलते आत्महत्या का मामला लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।