गांव भायला के निकट हुआ हमला, मेला देखकर लौट रहा था ग्रामीण
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: देर रात मेला घूम कर वापस लौट रहे ग्रामीण को गांव भायला के निकट अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर घायल कर दिया। गोली की आवाज सुन मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराते हुए घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
रविवार की देर रात गांव भायला कला निवासी विकास कुमार देवबंद से श्री त्रिपुर माँ बाला सुंदरी मेले में घूम कर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के निकट पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद अज्ञात हमलावरों ने उस पर फायर झौंक दिया। जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। गोली चलाने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
वहीं, गोली चलने की आवाज सुनकर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए जिन्होंने पुलिस को सूचना देते हुए घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कॉबिंग की लेकिन तक तक हमलावर फरार हो चुके थे। कोतवाल एचएन सिंह का कहना है कि गोली विकास के कंधे में लगी है। घटना को विभिन्न पहलुओं से जोडक़र जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।