
संयुक्त राष्ट्र के नए आंकड़ों के मुताबिक भारत दुनिया में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन गया है। अब भारत की जनसंख्या 142 करोड़ 86 लाख है। वहीं चीन की जनसंख्या 142 करोड़ 57 लाख है यानी हमारी आबादी चीन से करीब 30 लाख ज्यादा है। यह सब अचानक नहीं हुआ है। 2023 की शुरूआत में ही ग्लोबल एक्सपर्ट्स ने अनुमान लगाया था कि इस साल भारत सबसे ज्यादा जनसंख्या वाला देश बन जाएगा। दरअसल, चीन ने 1979 में जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने के लिए एक नीति लागू की थी। उसके तहत एक से अधिक बच्चे पैदा करने पर रोक लगा दी गई थी। जानकारों के मुताबिक चीन की एक बच्चे की नीति की वजह से करीब 40 करोड़ बच्चे पैदा नहीं हो सके। यह उसी का असर है। बहरहाल, देश में सवाल खूब चर्चा में है कि यह अच्छी खबर है या बुरी, बढ़ती जनसंख्या को अभिशाप माना जाए या वरदान? कुछ लोगों का मानना है कि जनसंख्या का बढ़ना एक चुनौती है।