जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: दीपावली की पूर्व संध्या व छोटी दीपावली पर बाजार में खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ इस कदर थी कि बाजार से वाहन निकलना तो दूर लोग पैदल भी नहीं गुजर रहे थे। सड़कों पर ही दुकानें लगी रखी थी। दुकानें लगने से सड़क एक पगडंडी बनकर रह गई थी। सुबह से लेकर शाम तक खरीदारी करने के लिए इसी तरह से भीड़ लगी रही। हालांकि हर साल की तरह इस साल ग्राहकों की बाजार में कमी रही।
बाजार में सैकड़ों अस्थाई दुकानें लगी थी। ये दुकानें स्थाई दुकानों के सामने बीच सड़क पर लगी हुई थी। जिनके लगने से 40 फिट का रोड एक पगडंडी बनकर रह गया था। आसपास के देहात के लोगों को खरीदारी करने के लिए अपने वाहनों को नगर से बाहर ही खड़े करके पैदल आना पड़ा। बाजार स्थाई रूप से अधिकतर दुकानें मिठाई, मोमबत्ती, चाइनीज झालर आदि की लगी हुई थी। जिन पर खरीदारी करने वालों की लाइन लगी हुई थी।

उधर नगर के दिगंबर जैन कालेज के सी फिल्ड में पटाखा मेला लगाया गया था। फील्ड में पटाखों की करीब 40 दुकानें लगी हुई थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। पुलिस प्रशासन ने इस बात को मध्य नजर रखते हुए चौकसी बढ़ा रखी थी। दोपहर को बाजार में जाम लगने पर पुलिसकर्मियों ने खुलवाने के लिए काफी मशक्कत की। लेकिन जाम खुलना नामुमकिन था।

अस्थाई रूप से मोमबत्ती के साथ मिठाई की खरीदारी भी बराबर रूप से की जा रही थी। बाजार में खरीदारी करने वाले अधिकर लोगों के हाथों में दो थैले नजर आते थे। जिनमें एक में मिठाई व दूसरे मोमबत्ती व पटाखे। पटाखे खरीदने में बच्चे अधिक उत्साहित नजर आ रहे थे।

