- उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगाल ने किया सिटी स्टेशन का निरीक्षण
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जल्द ही मेरठ से नौचंदी और संगम ट्रेनों का संचालन शुरू होने की एक आस जगी है। इसके लिए उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगाल बोर्ड में बात रखेंगे। दरअसल, शुक्रवार को उत्तर रेलवे के महामंप्रबंधक गंगाल ने मेरठ सिटी स्टेशन का निरीक्षण किया।
जिसमें उन्होंने प्लेटफार्म से लेकर पूरे सिटी स्टेशन का दौरा किया और सभी व्यवस्थाओं को परखा। मेरठ स्टेशन से सभी ट्रेनों का संचालन लॉकडाउन की अवधी से ही बंद पड़ा है। अभी तक रेलों का संचालन न होने के कारण यात्रियों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, त्योहार के सीजन में भी रेल का संचालन न होने से सारा भार परिवहन निगम पर आ गया था। जिस कारण अतिरिक्त बसें भी चलाई गई थी।
मेरठ से संचालित होने वाली मुख्य ट्रेने संगम और नौचंदी को लेकर पूछे गए सवाल पर महाप्रबंधक ने बताया कि जल्द ही बोर्ड में इस मामले को लेकर वार्ता की जाएगी। इसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। पैसेंजर ट्रेनों को संक्रमण के मद्देनजर ही अभी तक नहीं संचालित किया गया है।
जल्द से जल्द इस संबंध में वार्ता की जाएगी। करीब 15-20 मिनट के निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक गंगाल हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। जहां पर वह कुंभ मेले को लेकर तैयारियों का जायजा लेंगे। उन्होंने बताया कि मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस मौके पर डीएआरएम सुखमल चंद, जैन, स्टेशन अधीक्षक आरपी सिंह आदि मौजूद रहे।

