- नेश्नल में चयनित कबड्डी टीम गुजरात में खेलेगी
जनवाणी संवाददाता |
शामली: महाराजा सूरजमल पब्लिक स्कूल की छात्रा कबड्डी टीम ने मुजफ्फरनगर में आयोजित जूनियर नेशनल कबड्डी चैम्पियनशिप में प्रतिभाग करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। टीम ने नेशनल के लिए क्वालिफाई किया है। महाराजा सूरजमल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक श्यामपाल सिंह ने बताया कि यूथ एशियन गेम्स फेडरेशन इंडिया के तत्वावधान में मुजफ्फरनगर के शहीद भगत सिंह स्पोर्टस एकेडमी में 20 नवंबर को जूनियन नेशनल कबड्डी चैम्पियनशिप का आयोजन किया गया।
विद्यालय के खेल शिक्षक सुमित चौहान के मार्गदर्शन में लड़कियों की कबड्डी टीम ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया और स्वर्ण पदक जीतकर स्कूल और जनपद का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि कबड्डी टीम का चयन नेशनल के लिए हुआ। नेशनल खेलों का आयोजन जामनगर गुजरात में 27, 28 और 29 नवंबर को होना सुनिश्चित है जिसमें विजेता खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
प्रबंधक श्यामपाल सिंह और प्रधानाचार्य डा. जेबी सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को स्कूल स्तर पर सम्मानित करते हुए कहा कि कप्तान व आॅल राउंडर साजिया, उपकप्तान व राउंडर नाजिया, डिफेंडर निशा, डिफेंडर काजल, रेडर निकुंज, रेडर काजल, रेडर फुरकाना, रेडर नजराना, नेहा व आसमा जैसी बेटियां देश के लिए एक नजीर प्रस्तुत कर रही हैं कि सीमित संसाधन व ग्रामीण पृष्ठभूमि से उठकर भी राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमका जा सकता है। इस अवसर पर विद्यालय के सभी अध्यापक और अध्यापिकाएं मौजूद रही।

