जनवाणी संवाददाता |
शामली: शहर के मोहल्ला पंसारियान ब्लॉक रोड पर कोरोना सैंपल लेने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मारपीट के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर डंडा भी बरामद किया गया है। कोरोना सैंपल लेने के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ मारपीट व गाली गलौज की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। 19 नवंबर को शामली सीएचसी से स्वास्थ्य विभाग की टीम में चिकित्सक मीनाक्षी धीमान, प्रवीण व अन्य स्वास्थ्य कर्मी शहर के मोहल्ला पंसारियान में ढिवा बस्ती में कोरोना सैंपल लेने गए थे।
बताते हैं कि इस दौरान एक युवक ने टीम का विरोध करते हुए गाली गलौज की। टीम ने जब उक्त युवक का विरोध किया तो उसने डंडे से हमला कर दिया। हमले में स्वास्थ्यकर्मी प्रवीण घायल हो गया जबकि गाड़ी के शीशे भी टूट गए थे। इस मामले में मीनाक्षी धीमान की तरफ से कोतवाली में तहरीर दी गई थी जिसमें समय सरकारी कार्य में बाधा डालने, कोरोना टीम के साथ गाली-गलोच, मारपीट कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त करना दिया गया था।
वहीं कोतवाली पुलिस ने अरविंद पुत्र इलमचंद निवासी मोहल्ला पंसारियान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। 21 नवंबर को शामली कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर डंडा भी बरामद कर लिया।

