- एक-दूसरे पर लगाये गंभीर आरोप, बाद में किया समझौता
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सिविल लाइन थाना क्षेत्र मोहनपुरी वार्ड-44 नाला रोड पर नगर निगम प्रवर्तन दल की टीम व भाजपा पार्षद समर्थकों के बीच नाले से अतिक्रमण हटाने को लेकर जमकर मारपीट हो गई। जिसके चलते जिम संचालक बीच में आया तो उसके साथ भी मारपीट हुई। तीनों पक्ष आपस में भिड़ गए। थाना सिविल लाइन पहुंचे तीनों पक्षों ने लूटपाट रिश्वत लेने जैसे गंभीर आरोप लगाये।
गुरुवार सिविल लाइन थाना क्षेत्र नई मोहनपुरी नाला रोड पर अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर निगम स्वास्थय अधिकारी डाक्टर हरपाल के अनुरोध पर प्रवर्तन दल की टीम सुबह आबूनाले पर चिकारा काम्प्लेक्स के पास पहुंची थी। इसी बीच नाले पर होने वाले अतिक्रमण को लेकर प्रवर्तन दल की टीम वार्ड-44 भाजपा पार्षद उत्तम सैनी व उनके समर्थकों की कहासुनी हो गई।

प्रवर्तन दल ने नाले से अतिक्रमण हटाने को मना कर दिया। इस पर पार्षद उत्तम सैनी की प्रवर्तन दल की टीम से नोकझोंक हो गई। मौके पर पार्षद के पक्ष में कई समर्थक वहां एकत्र हो गए। प्रवर्तन दल के साथ पार्षद उत्तम सैनी व समर्थको के बीच मारपीट हो गई। इस बीच मोहित चिकारा नाम का युवक जिम संचालक नाले से अतिक्रमण हटाने का विरोध करने लगा।
इस पर उसके साथ भी पार्षद व समर्थक भिड़ गए। तीनों पक्ष थाना सिविल लाइन पहुंचे और तहरीर दी। भाजपा पार्षद ने प्रवर्तन दल पर दस हजार रुपये रिश्वत लेने और मारपीट का आरोप लगाया। वहीं मोहित के खिलाफ भी तमंचा लगाने और सोने की चेन लूटने का आरोप भाजपा पार्षद उत्तम सैनी ने लगाया और थाने पर तहरीर दी।
उधर, मोहित चिकारा ने भी पार्षद पर मारपीट का आरोप लगाया तो प्रवर्तन दल के प्रभारी ने पार्षद उत्तम सैनी व समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। रात होने तक तीनों पक्ष आपस में समझौते के प्रयास में जुट गए। उधर थाना सिविल लाइन पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने की बात से इनकार किया है।

