- स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियां हुई पूर्ण
- जनपद में स्नातक के 13 एवं शिक्षक के 6 मतदान केंद्र
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगामी एक दिसंबर को प्रस्तावित मेरठ खंड स्नातक और शिक्षक के चुनाव के लिए रविवार को चुनाव प्रचार थम गया। सोमवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी जबकि मंगलवार को जनपद में 13 मतदान केंद्रों पर स्नातक के लिए 9464 और शिक्षक के लिए 1662 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
उप्र विधान परिषद के मेरठ खंड से स्नातक तथा शिक्षक के चुनाव के लिए रविवार की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार थम गया। अब सोमवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। प्रशासन ने शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए जनपद में स्नातक के 13 तथा शिक्षक के 6 मतदान केंद्र बनाए हैं इनमें शामली शहर स्थित वीवी इंटर कालेज में स्नातक के 4 और शिक्षक 2, थानाभवन ब्लॉक कार्यालय में स्नातक के 3 तथा शिक्षक का एक, ऊन ब्लॉक कार्यालय में स्नातक के 2 तथा शिक्षक का एक, कैराना ब्लॉक में स्नातक के 2 तथा शिक्षक का एक तथा कांधला नगर पालिका परिषद कार्यालय में स्नातक के 2 तथा शिक्षक के दो बूथ बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर जनपद से स्नातक के 9464 तथा शिक्षक के 1667 मतदाता मंगलवार यानी एक दिसंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान संपन्न कराने के लिए सोमवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।
एसपी ने किया मतदान केंद्र का निरीक्षण
रविवार को पुलिस अधीरक्षक नित्यानन्द राय ने थानाभवन ब्लॉक कार्यालय में मेरठ खंड स्नातक तथा शिक्षक चुनाव के लिए बनाए गए मतदान केंद्र का निरिक्षण किया। उसके बाद थानाभवन थाना पहुंचकर अपराध एवं सुरक्षा के मददेनजर समीक्षा की। इस दौरान एसपी ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही के निर्देश दिये। कप्तान ने आगामी एमएलसी चुनावों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए हुए ब्लॉक कार्यालय पर बनाए गए चुनावा के केंद्र का निरीक्षण किया।

