- पुलिस पूछताछ में बालक नहीं दे पा रहा कुछ जानकारी
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: ग्राम जुल्फकार गढ़ी से घर के बाहर से खेलते हुए 25 नवम्बर को शाम से अचानक लापता हुआ बालक रहस्यमय ढंग से खुद अपने घर पहुंच गया। बालक के सकुशल घर पहुंचने पर परिजनों व पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। विगत 25 नवंबर की शाम क्षेत्र के ग्राम जुल्फुकार उर्फ गढ़ी में घर के बाहर खेलते हुए पांच वर्षीय धीरज अचानक लापता हो गया था।
काफी तलाश के बाद भी जब बालक का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी थी। बालक के गायब होने से पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया था। शुक्रवार को एसपी सिटी लक्ष्मी निवास मिश्र ने गांव पहुंचकर परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त कर पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे और रिपोर्ट भी दर्ज कर दी थी।
बताते है कि शनिवार की शाम बालक के खुद घर पहुंचने पर पुलिस व परिजनों ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बालक के बरामद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे कौन ले गया था इस संबंध में बालक कुछ भी जानकारी नहीं दे पा रहा है।

