- शिक्षिकाओं ने आनन फानन में छात्रों को नजदीकी अस्पताल में कराया उपचार
- सूचना पर पहुंचे अभिभावकों की शिक्षिकाओं से हुई तीखी नोकझोंक
- परिजनों ने शिक्षिकाओं को लिखित में पत्र सौंप कर छात्राओं को घर ले गए
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लालकुर्ती क्षेत्र के आरजी डिग्री कालेज स्थित प्रयोगशाला से गैस रिसाव होने के कारण आरजी इंटर कालेज की छात्राओं की हालत बिगड़ गई। छात्राओं के शोर मचाने पर आनन फानन में कक्षा में पहुंची शिक्षिकाओं ने उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने छात्राओं को दवाई देकर शिक्षकों के साथ भेज दिया। इस दौरान सूचना पर पहुंचे अभिभावकों व रिश्तेदारों की कालेज परिसर में शिक्षिकाओं से नोकझोक हो गई।
शुक्रवार दोपहर आरजी इंटर कालेज में उस समय हडकंप मच गया। जब आरजी डिग्री कालेज की प्रयोगशाला से गैस रिसाव से कक्षा नौ तीन छात्राएं हिमानी, खुशी, सुहानी बेहोश हो गई। छात्राओं को बेहोश होता देख स्कूल में हड़कंप मच गया। मौके पर स्कूल की शिक्षिकाएं पहुंची और बेहोश छात्राओं को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने छात्राओं को उपचार देकर शिक्षिकाओं के साथ स्कूल भेज दिया। इस बीच तीनों छात्रा को उल्टी लगने की शिकायत पर परिजन आनन फानन में स्कूल पहुंचे।
जहां उनकी द्वारा कक्षा का पता पूछने पर स्कूल स्टाफ से नोकझोक हो गई। जब मौके पर मौजूद शिक्षिकाओं से बेहोशी के कारण का पता लगाया तो सामने आया कि उनके स्कूल की दीवार से आरजी डिग्री कालेज की दीवार एक दूसरे की दीवार से सटी हुई है। वहीं, दूसरी ओर खिड़की खुली होने के कारण प्रयोगशाला से गैस रिसाव के कारण यह घटना हुई है। छात्राओं का आरोप है कि वे इससे पहले भी गैस रिसाव की शिकायत प्रधानाचार्या से कर चुके है। लेकिन, आज तक उनकी शिकायत पर कोई सुनावाई नहीं हुई है। शुक्रवार को हुई धटना से यह हादसा बड़ा भी हो सकता था।
नशे में धुत डाक्टर ने व्यापारी को पीटा, जमकर हंगामा
मेरठ: लालकुर्ती थाना के बेगमबाग इलाके में नशे में धुत एक डाक्टर ने पड़ोसी में डेयरी चलाने वाले व्यापारी पर हमला कर दिया। उसको बुरी तरह पीटा। इसको लेकर बाजार में हंगामा हो गया। शहर के कई व्यापारी नेता मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने नशे में मारपीट करने वाले डाक्टर तथा घायल व्यापारी की डाक्टरी करायी है। उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने डेयरी संचालक पर हमले की कठोर शब्दों में निंदा करते हुए एसएसपी से हमले के आरोपी डाक्टर के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना को लेकर एक प्रतिनिधि मंडल शनिवार को एसएसपी से भी मिलेगा। जानकारी के अनुसार बेगम बाग इलाके में दीपक गोयल का न्यू राजेन्द्र डेयरी के नाम से प्रतिष्ठान है। उनके पड़ोस में डा. गगन जैन का आवास है। शुक्रवार को शाम के वक्त न्यू राजेन्द्र डेयरी गाड़ी दूध उतारने के लिए आयी थी। गाड़ी का पहिया डा. गगन पत्नी डा. उत्तम जैन के आवास की जहां से सीमा शुरू होती है, वहां चला गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर डा. गगन ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं।
इस बीच उनके पति डा. उत्तम जैन भी आ गए और वो दीपक गोयल पर टूट पडेÞ। मारपीट में जख्मी दीपक गोयल ने बताया कि उनके पड़ोसी डाक्टर नशे में धुत होकर आए थे, जबकि दूध उतारने को जो गाड़ी पहुंची थी वो मुश्किल से तीन मिनट ही रुकी होगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद भी नशे में धुत डाक्टर कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। उन्होंने अचानक हमला बोल दिया। मारपीट शुरू कर दी। डेयरी संचालक से मारपीट होते देखकर बाजार में हंगामा हो गया। तमाम लोग वहां जमा हो गए। हंगामा बढ़ता देखकर पुलिस को सूचना दी गयी।
सूचना मिलते ही लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस डाक्टर व घायल डेयरी संचालक को लेकर थाना लालकुर्ती पहुंच गयी। डेयरी संचालक से मारपीट की सूचना पर शहर भर के दूसरे व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंच गए। डेयरी संचालक ने पुलिस को यह भी बताया कि डाक्टर के यहां दूध भी उनके यहां से जाता है और करीब आठ माह का दूध का बिल बकाया है। पुलिस ने नशे में धुत डाक्टर व घायल डेयरी संचालक को डाक्टरी कराने के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

