- दो सीओ और दो थाना पुलिस ने संभाली स्थिति
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लालकुर्ती क्षेत्र आरजी शिवचौक पर उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जब भाजपाइयों ने तरावीह की नमाज पढ़ रहे लोगों के वाहनों के सड़कों पर खड़ा होने पर एतराज जता हंगामा खड़ा कर दिया। हंगामे पर नमाजी भी बाहर आ गये। दोनों तरफ के लोगों के आमने सामने आने पर माहौल गर्मा गया। जिसके चलते सांप्रदायिक तनाव फैल गया। सूचना पर आनन-फानन में कई सीओ और दो थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने बामुश्किल दोनों पक्षों को समझाबुझाकर मामले को शांत कराया।
सोमवार रात से रमजान शुरु होने के बाद तरावीह की नमाज शुरु हो गई है। जिसके चलते शहर में जगह जगह पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। मंगलवार रात साढ़े आठ बजे उस समय बवाल होने से बच गया। जब भाजपाइयों ने लालकु र्ती क्षेत्र आरजी डिग्री कालेज के समीप शिव चौक के सामने मस्जिद में नमाज पढ़ रहे लोगों के खिलाफ हंगामा शुरु कर दिया। भाजपाइयों ने बेवजह हंगामा करते हुए नमाजियों के सड़कों के किनारे खड़े वाहनों पर ऐतराज जताया।
इस दौरान हंगामा करने पर मस्जिद में नमाज पढ़ रहे लोग भी बाहर आ गये। दोनों पक्षों के बीच तनातनी हो गई। चंद मिनटों में शिव चौक पर सांप्रदायिक माहौल गर्मा गया। आनन-फानन में सीओ कैंट और सीओ सिविल लाइन और लालकुर्ती थाना व सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे भाजपाइयों को शांत कराया। भाजपाईयों ने कहा कि पूर्व में यह तय किया गया था कि सड़कों पर नमाज न की जाये।
सड़कों पर नमाजियों का कोई वाहन सड़क पर न खड़ा हो। लालकुर्ती थाना प्रभारी इंदू वर्मा ने हंगामा कर रहे भाजपाइयों को समझाते हुए शांत किया और आश्वासन दिया कि किसी कीमत पर भी नमाज सड़क पर नहीं होगी। वहीं सड़कों पर खड़े वाहनों को भी किनारे खड़ा किया जायेगा। एसओ के आश्वासन पर भाजपाई शांत हुए। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
चार लाख का सोना हड़पने का आरोप लगाया
मेरठ: देहली गेट क्षेत्र नील गली निवासी एक सर्राफ पर एक व्यापारी ने चार लाख कीमत का सोना हड़पने का आरोप लगाया है। व्यापारी का आरोप है कि वह उसके शॉप पर एक थैला विश्वास में आकर छोड़ गया था। लेकिन जब थैला घर ले गया तो उसमें रखे बख्शे में सोना गायब था। जिसकी शिकायत व्यापारी ने देहली गेट पुलिस को दी। पुलिस ने सर्राफ से पूछताछ की। लेकिन तमाम सर्राफ व्यापारियों ने अपने साथी सर्राफ को देहली गेट थाने पर पहुंचकर छुड़ा लिया।
महाराष्टÑ निवासी किरन पुत्र आनन्द कुमार कई वर्षों से नील गली में रहता है। उसकी सर्राफ की दुकान है। वह सर्राफ व्यापारियों के सोने के आभूषण बनाता है। किरन का आरोप है कि सदर बाजार निवासी विशाल व्यापारी 24 फरवरी उसके यहां दुकान पर आया। उसने वहां आते ही एक थैला रखने और बाद में ले जाने की बात कही और चला गया। जब वह वापस आया तो अपना थैला लेकर चला गया।
किरन ने बताया कि जब वह दुबारा आया और थैले में अपना चार लाख का सोना गायब करने का आरोप उस पर लगाया। विशाल की तहरीर पर देहली गेट पुलिस ने सर्राफ किरन को उठा लिया। जिस पर अन्य सर्राफ व्यापारियों को साथी सर्राफ के उठाने की खबर मिली तो आक्रोश फैल गया। तमाम व्यापारी देहली गेट थाने पहुंचे और सर्राफ किरन को निर्दोष बताते हुए छुड़ाकर ले गये। किरन का आरोप है कि विशाल झूठ बोलकर पुलिस को गुमराह कर रहा है। सीसीटीवी फुटेज पुलिस चेक कर सच्चाई सामने लाये।
मारपीट के आरोपियों को चार-चार वर्ष का कारावास
मेरठ: न्यायालय अपर जिला जज विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम प्रहलाद सिंह द्वितीय ने जानलेवा हमला करने के आरोप में आरोपी पीतम व जयपाल सिंह पुत्रगण अतरो सोनू व मोनू पुत्रगण प्रीतम निवासी ग्राम बिसोला मेरठ को दोषी बातें हुई चार-चार वर्ष के कारावास से दंडित किया। अभियोजन के अनुसार वादी मुकदमा ने थाना इंचौली में गत 17 दिसंबर 2017 को रिपोर्ट दर्ज करायी और आरोप लगाया कि गांव में रंजिश के चलते चारों आरोपियों ने उसके भाई ललित व गुड्डू पर मरने की नीयत से हथियारों से हमला कर दिया था।
इसके बाद उसके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हो गया था। न्यायालय में आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल हो गए थे। इसके बाद न्यायालय में सरकारी वकील अंजलि त्यागी ने कुल आठ गवाह पेश किए। न्यायालय ने दोनों पक्षों को सुनकर तथा पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्य को देखते हुए आरोपियों को सजा सुनाई।

